युवक की हत्या, राज छुपाने को पांव और गले पर पत्थर बांध नहर में फेंका
करनाल में युवक की हत्या कर दी गई। हत्या का राज छुपाने को पांव व गले पर पत्थर बांधकर नहर में शव फेंका गया। शव की शिनाख्त यमुना विहार कालोनी के अमित कुमार के रूप में हुई।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। चार दिन पहले पांव व गले पर पत्थर बंधा शव नहर से मिलने के मामले में सनसनीखेज रहस्योद्वाटन हुआ है। युवक की शिनाख्त यमुना विहार कालोनी वासी करीब 32 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है, आशंका है कि उसकी हत्या कर राज छुपाने के लिए पत्थर बांध कर नहर में फेंका गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बता दें कि गुरुनानकपुरा के समीप राहगीरों ने 26 जून को नहर में शव देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद थाना रामनगर से जांच अधिकारी कृष्ण कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कुछ आगे पुलिस को यह शव बरामद हुआ। शव के गले व पांवों पर पत्थर बंधे मिले। पुलिस ने शव शिनाख्त के लिए कल्पना चावला राजकीय अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखा, जहां सोमवार को मृतक के स्वजनों ने उसकी शिनाख्त अमित कुमार के तौर पर की।
उन्होंने बताया कि वह 22 जून को बाइक लेकर घर से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वे उसकी छानबीन कर रहे थे। वहीं शव मिलने के दिन ही गांव डबरी के समीप उसकी बाइक मिली थी। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि युवक नग्न अवस्था में था और उसके कपड़ों से ही उसे पत्थरों से बांधा गया, ताकि शव पानी के ऊपर न आ सके। वह शादीशुदा भी था और उसके पिता शैड निर्माण आदि का कार्य करते है। शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया तो सदर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
हत्या का मामला दर्ज, की जा रही जांच : एसएचओ
एसएचओ बलजीत सिंह ने बताया कि अमित की हत्या के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर गहनता से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपितों को काबू कर लेगी। फिलहाल स्वजनों ने किसी से रंजिश होने की बात नहीं की है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच में लगी है।