काले बिल्ले लगाकर दहाड़े नगरपालिका कर्मी, सरकार को अल्टीमेटम
नगर निगम कर्मचारियों ने सोमवार को काले बिल्ले लगाकर पालिका बाजार स्थित कार्यालय पर गेट मीटिग की। जिसकी अध्यक्षता शाखा प्रधान सुभाष चंडालिया और मंच संचालन राज्य कार्यकारिणी सदस्य बलदेव बागड़ी ने की।
जासं, पानीपत : नगरपालिका कर्मचारी संघ राज्य कार्यकारिणी के बैनर तले नगर निगम कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर गेट मीटिग कर अपनी मांगों के लिए दहाड़े। कर्मचारी नेताओं ने मांगे न मानने पर सरकार को सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने इसके बाद सरकार के खिलाफ लंबी लड़ाई छेड़ने का ऐलान किया है।
नगर निगम कर्मचारियों ने सोमवार को काले बिल्ले लगाकर पालिका बाजार स्थित कार्यालय पर गेट मीटिग की। जिसकी अध्यक्षता शाखा प्रधान सुभाष चंडालिया और मंच संचालन राज्य कार्यकारिणी सदस्य बलदेव बागड़ी ने की। सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान कश्मीर सिंह और राज्य उप प्रधान राजपाल विशेष रूप से आमंत्रित रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार कर्मचारी विरोधी नीतियों को लागू कर रही है। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। नगर निगम के शाखा प्रधान सुभाष चंडालिया ने कहा कि कर्मचारी बुधवार को भी काले बिल्ले लगाकर गेट मीटिग करेंगे। नौ व दस जुलाई को बाजारों में झाडू प्रदर्शन कर अपनी मांगों को रखेंगे। 17 जुलाई को डीसी के मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। 24-25 जुलाई को 18 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे। सरकार उनकी मांगों को लागू नहीं करती है तो वे सितंबर महीने से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा करेंगे। इस मौके पर संजय चौहान और कृष्ण बागड़ी मौजूद रहे।