प्रेमी से शादी करने के लिए बेटे को बलि चढ़ा दिया, कोर्ट ने सुनाई यह सजा
तीन साल पहले हुई हत्या पर कोर्ट ने दोषियों पर फैसला सुना दिया। हत्यारी मां और उसके प्रेमी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। इस हत्या ने पूरे जींद को हिलाकर रख दिया था।
जागरण संवाददाता, जींद : क्या कोई मां इतनी क्रूर हो सकती है कि अपने बेटे का ही कत्ल करा दे। इस पर यकीन करना मुश्किल है लेकिन ऐसा ही एक मामला सामने आया है। इस मां ने सिर्फ अपने प्रेमी से शादी करने के लिए बेटे को मौत के घाट उतरवा दिया। प्रेमी को पकड़ा तो एक के बाद एक राज खुलता चला गया। अदालत ने दोषी मां को उम्रकैद की सजा सुनाई है। पढि़ए ये खबर।
गांव सुंदरपुर निवासी जयबीर ने 30 नवंबर 2015 को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके भाई मनोज का 10 वर्षीय बेटा गुरजेंट उर्फ मन्नी मकान के बाहर गली में खेल रहा था। अचानक गायब हो गया। बाद में वह बेसुध हालात में गांव के बाहर पड़ा हुआ मिला और उसके गले में रस्सी के निशान थे। बाद में बच्चे की मौत हो गई।
पुलिस के सामने सच उगला
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि गुरजेंट की हत्या उसकी ही मां सुदेश के इशारे पर उसके प्रेमी पटेल नगर नरवाना निवासी शेखर ने की है। गुरजेंट की हत्या करने के बाद शेखर ने इसकी सूचना अपनी प्रेमिका सुदेश को दे दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित मां सुदेश व उसके प्रेमी शेखर को गिरफ्तार कर लिया था। सुदेश ने बताया था कि वह अपने प्रेमी शेखर से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसका दस वर्षीय लड़का गुरजेंट सिंह उनके संबंधों में बाधा बन रहा था। इसलिए पहले ही उसकी हत्या कर दी। तभी से मामला अदालत में विचराधीन था। सोमवार को अदालत ने मामले पर सुनवाई करते हुए दोनों को उम्रकैद व 13-13 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।