सबसे बड़ा जेब कतरा, पंजाब के पूर्व सीएम को भी नहीं बख्शा, पीएम मोदी की रैली थी अगला टारगेट
कुरुक्षेत्र समेत अंबाला व पंजाब में 680 से ज्यादा लोगों की जेब काट चुका जेबकतरा गिरफ्तार कर लिया गया है। मोस्टवांटेड पीएम मोदी की रैली में जेब काटने पहुंचा था।
पानीपत, जेएनएन। जिला पुलिस की अपराध शाखा-दो ने एक मोस्टवांटेड जेबकतरे को गिरफ्तार किया है। मोस्ट वांटेड इसलिए कि वह अब तक 680 लोगों की जेबें कतर चुका है। यहां तक कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश ङ्क्षसह बादल की जेब भी तराश चुका है। वह कुरुक्षेत्र में मंगलवार को प्रधानमंत्री की रैली में जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर यहां आया था, लेकिन हाइप्रोफाइल सुरक्षा के चलते धरा गया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। वह नशे की लत के चलते जेब काटता रहा है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास पैसे खत्म हो गए थे, इसलिए वह प्रधानमंत्री की रैली में लोगों की जेब काटने के मकसद से आया था।
एसपी कुरुक्षेत्र आस्था मोदी ने बताया कि 12 अक्टूबर को गांव नूरपुर बुच्ची निवासी प्रगट ङ्क्षसह ने थाना इस्माईलाबाद में जेब कटने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह नौ अक्टूबर को गुरुद्वारा मांडी साहिब नगर कीर्तन में शामिल होने गया था। माथा टेकते वक्त किसी ने जेब काट ली और पर्स चुरा लिया। उसमें चार हजार रुपये और आधार कार्ड था।
पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी की रैली के चलते ब्रह्मसरोवर के समीप गश्त कर रही पुलिस टीम ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उसकी पहचान अंबाला के जगाधरी गेट निवासी नीतिक कुमार के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह एक जेबकतरा है। उसकी निशानदेही पर प्रगट सिंह का आधार कार्ड व दो हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। उसने बताया कि कुरुक्षेत्र में उसने एक ही वारदात की थी।
पूर्व मुख्यमंत्री बादल की भी काटी थी जेब
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वर्ष 2007-08 में पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में खेलों के उद्घाटन के समय भारी सुरक्षा के बीच पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जेब भी काटी थी। उनकी जेब में 23 हजार रुपये थे। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने अब तक लगभग 680 लोगों की जेबें काटी हैं।