Monsoon Update: दो दिन और बर्दाश्त करनी होगी मौसम की बेरुखी, चार जुलाई से जोरदार बारिश
किसान बेसब्री से बरसात का इंतजार कर रहे हैं। वहीं भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया है। वहीं मानसून को सक्रिय होने में अभी तीन दिन लग सकते हैं। इसके बाद जोरदार बारिश होगी।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। मानसून पहुंच चुका है, लेकिन प्रभावी नहीं हो रहा है। जून माह के अंत में भी मानसून की बरसात के लिए लोग तरसते रहे, लेकिन मानसून की बेरुखी के कारण लोगों को भीषण गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी मानसून को सक्रिय होने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। चार जुलाई से मानसून की बेरुखी दूर हो सकती है। हालांकि, मौसम में बदलाव तीन जुलाई से ही देखने को मिल सकता है। लेकिन बरसात चार जुलाई से होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। जून की बात करें तो 103 एमएम से अधिक बरसात हुई है। लेकिन बावजूद इसके गर्मी अधिक होने के कारण लोग बरसात के आंकड़े को कम आंक रहे हैं क्योंकि जो बरसात हुई, वह जून माह के पहले पखवाड़े में ही हुई है। दूसरे पखवाड़े में बरसात नाममात्र दर्ज की गई है।
किसानों को नहीं मिल पाया जून में बरसात का फायदा
इस बार जिले में 1.70 लाख हैक्टेयर में धान रोपाई होगी। सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार धान की रोपाई का काम 15 जून के बाद शुरू हुआ है। लेकिन जून माह में जितनी बरसात हुई थी वह ज्यादातर 15 जून से पहले हुई थी। इसलिए जून माह की बरसात का ज्यादा फायदा किसानों को नहीं मिल पाया। चूंकि अब धान रोपाई के कार्यों में भी तेजी आई है, इसलिए किसान मानसून की बरसात का टकटकी लगाए इंतजार कर रहे हैं।
इस वर्ष अब तक कितनी बरसात
माह बरसात एमएम में
जनवरी 74.4 एमएम
फरवरी 21.4
मार्च 161.7
अप्रैल 26.0
मई 66.8
जून 103.9
नोट : यह आंकड़े केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान की ओर से जारी किए गए हैं।
दिनभर यह रहा मौसम का हाल
बुधवार को अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन पूर्वी हवा चलने के कारण मौसम में नमी की मात्रा अधिक बनी रही, जिससे गर्मी के साथ उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह के समय नमी की मात्रा 85 फीसदी दर्ज की गई जो शाम को 58 फीसदी रह गई। हवा 2.8 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम गर्म व शुष्क बना रहेगा।
पूर्वानुमान : आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा।