वार्ड में चलाया सफाई अभियान
जागरण संवाददाता, पानीपत : सर्व समाज संगठन तथा नगर निगम ने मिलकर वार्ड नंबर तीन तथा चार में शुक्र
जागरण संवाददाता, पानीपत :
सर्व समाज संगठन तथा नगर निगम ने मिलकर वार्ड नंबर तीन तथा चार में शुक्रवार को सफाई अभियान चलाया। अभियान में नाला गैंग में शामिल 100 सफाई कर्मचारियों ने नालियों को साफ किया। इसके अलावा डेढ़ सौ सफाई कर्मचारियों ने दोनों वार्डो में गलियों से 124 ट्रॉली कचरा निकाला।
दोनों वार्डों में सफाई अभियान चलाने का कार्यक्रम अचानक बना। केंद्र सरकार व राज्य सरकार की तरफ से स्वच्छता दिवस के रूप में जागरूकता लाने के लिए शुक्रवार का कार्यक्रम रखा गया था। टीम पानीपत में खुले में शौचालय के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए पहुंची। साथ में ही दोनों वार्डो में सफाई अभियान रखा गया।
सुबह सात बजे फतेहपुरी चौक पर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर केंद्र से आई टीम ने खुले में शौचालय से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को वीडियो फिल्म दिखाकर जागरूक किया। नगर निगम आयुक्त वीना हुड्डा ने कहा कि स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेवारी है। सफाई का काम प्रशासन का है लेकिन जब तक शहरवासी मिलकर सहयोग नहीं करेंगे, पानीपत स्वच्छ शहर नहीं बन सकता। घर-घर जाकर लोगों का स्वच्छता के प्रति जगाना है। खुले में शौच नहीं करें, गंदगी बाहर नहीं फेंके। इसके लिए एनजीओ को भी आगे आने चाहिए। अपने आसपास के एरिया को साफ रखें।
वार्ड चार के पार्षद पति राजू पाहवा ने कहा कि हर पार्षद सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण परेशान है। सफाई नहीं होने पर लोग पार्षदों को परेशान करते हैं। कम सफाई कर्मचारी होने के बावजूद सफाई का हल निकालने की जिम्मेवारी हम सब की है।
सर्व संगठन सेवा संस्थान के संयोजक सुरेश काबरा ने कहा कि यह पांचवां अभियान है। सफाई अभियान में वार्डो में एक बार तो सफाई हो जाती है लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से फिर से समस्या बन जाती है। इसके लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। कूड़ा कूड़ेदान में डाला जाना चाहिए।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक रघुबीर सैनी, वीरेंद्र सिंगला, अमर नाथ गुप्ता, मेहुल जैन, ललित गोयल, एनके जिंदल, मोना शर्मा सहित निगम अभियंता, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर, सफाई निरीक्षक सुमित हुड्डा आदि मौजूद रहे।
अन्य वार्डो में सफाई रही प्रभावित
सफाई अभियान दो बजे तक चला।
इन दो वार्डो में सफाई अभियान चलने से शहर के अन्य वार्डो में सफाई का काम प्रभावित हुआ।