शर्मसार : पानीपत में छह साल की बच्ची और यमुनानगर में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म
पानीपत में शराब के नशे में दो युवकों ने छह साल की बच्ची को बिस्किट खिलाए। फिर मुंह दबाकर अपहरण कर साहूमिक दुष्कर्म किया। यमुनानगर में युवक ने चार साल की बच्ची से दुष्कर्म किया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। पानीपत और यमुनानगर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पानीपत में छह साल की बच्ची तो यमुनानगर में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। थर्मल बाईपास चौक पर एक फैक्ट्री में शराब के नशे में दो युवकों ने छह साल की बच्ची को पहले बिस्किट खिलाए। फिर मुंह दबाकर अपहरण कर साहूमिक दुष्कर्म किया। बच्ची के पिता ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि पुलिस ने घटनास्थल दूसरी चौकी का होने का हवाला देकर पहले शिकायत लेने के इन्कार कर दिया था। बच्ची के पिता कार्रवाई पर अड़े रहे और चौकी में बैठे रहे, तभी पुलिस ने सुनवाई करनी पड़ी।
एक फैक्ट्री के क्वार्टर में रहने वाले नेपाल के एक व्यक्ति ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे उसकी छह साल की बेटी कमरे से बाहर पानी लेने गई थी। इस दौरान पड़ोस में क्वार्टर में रहने वाले उसके दोस्त उत्तर प्रदेश, जौनपुर के अभिषेक यादव और नेपाल के शिवचरण ने बेटी का मुंह दबाकर अपहरण कर लिया। 200 मीटर दूर फैक्ट्री में रूई के गोदाम में ले गए। काफी देर तक बेटी क्वार्टर पर नहीं पहुंची तो उसने तलाश की। वह गोदाम में गया तो खून से लथपथ बेटी बेहोश पड़ी थी। दोनों आरोपित वहीं खड़े थे।
आरोपित उसे देखकर भाग गए। लोकलाज की वजह से उसने तब पुलिस में शिकायत नहीं थी। बुधवार सुबह बेटी को तेज बुखार हो गया। पत्नी को बेटी ने दरिंदों की करतूत बताई कि अभिषेक अंकल ने उसे बिस्किट खिलाए और कोल्ड ड्रिंक पिलाकर मुंह दबाकर ले गए। शिवचरण अंकल भी साथ में थे। दोनों ने गलत काम किया। पड़ोसियों ने हौसला बढ़ाया तो उसने पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस ने पहले शिकायत लेने से इन्कार किया
पीडि़त बच्ची के पिता ने बताया कि वह दोनों आरोपितों को पकड़कर असंध रोड नाका चौकी ले गया। साथ में बेटी भी थी। पुलिसकर्मी ने मामला दूसरी चौकी का बताकर शिकायत लेने से मना कर दिया। वह एक घंटे तक चौकी में बैठा रहा। इसके बाद मॉडल टाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार, असंध रोड नाका चौकी प्रभारी श्रीभगवान व जांच अधिकारी महिला एएसआइ संगीता घटनास्थल पर पीडि़त बच्ची को ले गए और छानबीन की। देर रात पुलिस ने मामला दर्ज किया।
दोनों आरोपित पीडि़त बच्ची के पिता के साथ काम करते थे
साहूमिक दुष्कर्म के दोनों आरोपित बच्ची के पिता के साथ कई साल से काबड़ी के पास फैक्ट्री में काम करते थे। छह महीने पहले ही वे थर्मल बाईपास स्थित फैक्ट्री में काम कर रहे थे। बच्चों दोनों आरोपितों को अंकल कहती थी।
----बच्ची का सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ छह पोस्को और साहूमिक दुराचार का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें जेल भेजा जा चुका है। बच्ची की बाल कल्याण समिति से काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
सुनील कुमार, प्रभारी, मॉडल टाउन थाना
युवक ने चार वर्षीय बच्ची से किया दुष्कर्म
प्रताप नगर : थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवक ने चार वर्षीय बच्ची को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बच्ची के परिजनों की शिकायत पर आरोपित युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। प्रताप नगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी चार वर्षीय बेटी शाम को साढ़े पांच बजे घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला युवक संदीप उसकी लड़की को बहला कर अपने साथ सुनसान स्थान पर ले गया।
जहां पर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बेटी को घर न पाकर वह उसकी तलाश में निकले तो उन्हें सुनसान स्थान पर रोने की आवाज आई। जब वह वहां पहुंचे तो आरोपित युवक वहां से भाग गया। वह लड़की को घर लेकर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। उधर, मामले की जांच कर रही एएसआइ कमला रानी का कहना है कि आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।