बेटी से दुष्कर्म, पिता ने समझौते के लिए मांगे एक करोड़, पांच लाख लेते गिरफ्तार
पानीपत में सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटी से दुष्कर्म के आरोपितों से पिता ने समझौता कर लिया। केस वापस लेने के लिए रुपये मांगे। आरोपित के परिवार ने बना लिया ऑडियो।
पानीपत, जेएनएन। क्या कोई पिता इतना भी नीचे गिर सकता है कि अपनी ही बेटी की आबरू का सौदा कर दे। पानीपत में दुष्कर्म पीडि़त बेटी को इंसाफ दिलाने की जगह, पिता ने आरोपितों से हाथ मिला लिए। केस वापस लेने के लिए एक करोड़ मांग लिए। पुलिस ने उसे पांच लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया। उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। अब आरोपित पक्ष का दावा है कि किशोरी के भाई ने उसके साथ दुष्कर्म भी नहीं किया था। आरोप झूठा है।
10 जनवरी को किला थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बेटी से चाकू की नोंक पर दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दी थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया। अब शिकायतकर्ता ने आरोपित पक्ष से समझौता करने की एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की। नकद पांच लाख रुपये एडवांस और बाकी राशि का चेक के माध्यम से भुगतान करने की बात कही। आरोपित के पिता ने किला थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। शिकायतकर्ता की एक रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंपी। किला थाना पुलिस ने आरोपित को पांच लाख रुपये लेते हुए देवी मंदिर कैंटीन से गिरफ्तार कर लिया था।
बेटी को दिया था घर और महंगी गाड़ी का लालच, अब पिता ने देखे वही सपने
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपित अक्सर उसकी बेटी को गाड़ी से स्कूल लेने जाता था। किशोरी को काफी घुमाया, शॉपिंग कराई। गाड़ी-बंगलों का सपना दिखाया। उसने किशोरी से प्यार का इजहार किया, लेकिन वह नहीं मानी। आरोपित ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। अब किशोरी के पिता ने भी वैसे ही सपने देखने शुरू कर दिए थे। वह समझौते की एवज में एक करोड़ रुपये लेकर दोनों बेटों को सेटल करना और व्यापार बढ़ाना चाहता था।