मिलिए योग गुरु मैडम से, बाबा रामदेव कर चुके हैं इन्हें सम्मानित
ऐसा कोई पार्क नहीं जहां इनका कैंप नहीं लगा। घरों से निकल योग शिविर में पहुंची महिलाएं। पूरे परिवार को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा। योग शिक्षक महिला का कुरुक्षेत्र में बढ़ गया सम्मान।
पानीपत/कुरुक्षेत्र [विनोद चौधरी] : एक महिला शिक्षक अपने योग शिविरों की वजह से इतनी मशहूर हैं कि अब लोग उन्हें मैडम योग गुरु कहते हैं। स्कूल में बच्चों को किताबें पढ़ाने के साथ-साथ यह महिलाओं को योग के गुर भी सिखा रही हैं। मैडम पिछले 16 साल से लोगों, खासकर महिलाओं को योग के फायदे बताने में जुटी हैं। वह अब तक जिले भर में 300 से ज्यादा योग शिविर लगा चुकी हैं। शहर के हर गली-मोहल्ले में ऐसा कोई पार्क नहीं है जहां पर मैडम ने योग शिविर ना लगाया हो। इतना ही नहीं मैडम के योग की सीख गांवों तक भी पहुंची है और उन्होंने गांवों में भी योग शिविर लगाकर महिलाओं को योग के गुर बताए हैं। उनके समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी रहने पर उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
कुरुक्षेत्र के महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में शिक्षिका राज पंवार पिछले 16 साल से योग शिविर लगा रही हैं। साल 2003 में महर्षि दयानंद सेवा सदन से योग का प्रशिक्षण जानकारी लेने के बाद शुरू हुआ उनका सफर बदस्तूर जारी है। साल 2005 में पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनके इस काम ने तेजी पकड़ी और उन्होंने शहर के साथ-साथ गांवों में भी योग शिविर लगाए।
ग्रामीण महिलाओं को मिला लाभ
राज पंवार के महिला होने के नाते गांवों में ज्यादा महिलाएं योग शिविरों तक पहुंची। ऐसे में घरों से निकली महिलाओं ने योग आसन और प्राणायाम का प्रशिक्षण लिया। महिलाओं मरकट आसन, धनुरासन, अनुलोम और कपालभाति के फायदों को समझा तो उन्हें दिन भर रहने वाले कमर दर्द, सरवाइकल और कई तरह की अन्य बीमारियों से भी निजात मिली। जब घर की महिलाओं को योग से लाभ मिला तो उसकी महक भी पूरे परिवार तक पहुंची।
इन्हीं मिले कई सम्मान
योग प्रचारक बन पार्कों में निकली मैडम योग गुरु ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों में बढ़चढ़कर कार्य किया। इसी के चलते उन्हें कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है। उन्हें साल 2005 में योग प्रशिक्षण शिविरों में महत्वपूर्ण योगदान देने पर योग गुरु स्वामी रामदेव की ओर से सम्मानित किया गया है। साल 2014-15 में भारत सरकार के मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय की ओर से, साल 2016 में पतंजलि योग समिति की ओर से, साल 2016 में ऋषि वेल्फेयर ट्रस्ट की ओर से नारी सम्मान पुरस्कार, 2017 में पर्यावरण संरक्षण में कार्य करने पर पुरस्कार, समाज सेवा के लिए साल 2018 में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि की ओर से सम्मान व अन्य कई संस्थाओं की ओर से अवार्ड मिल चुके हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप