दोस्तों ने ही यमुना में डुबोकर की थी सागर की हत्या
आरोपित महादेव ने बताया कि 17 जून को भतीजा होने की खुशी में सागर उसे और दो अन्य नाबालिग दोस्तों को पार्टी देने के लिए साथ ले गया था।
जागरण संवाददाता, पानीपत: सागर हत्याकांड मामले में सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने शुक्रवार देर शाम हत्यारोपित विपिन उर्फ महादेव को बरसत रोड पर भैंसवाल मोड़ से धर दबोचा। पूछताछ में उसने कहासुनी होने पर साथियों संग सागर की हत्या करने की बात कुबूली। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर अन्य दो नाबालिगों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपित महादेव को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, दोनों नाबालिगों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित महादेव ने बताया कि 17 जून को भतीजा होने की खुशी में सागर उसे और दो अन्य नाबालिग दोस्तों को पार्टी देने के लिए साथ ले गया था। पार्टी के बाद चारों दोस्तों का यमुना नदी में नहाने का प्लान बना। ऑटो में सवार होकर चारों सनौली नाका के पास यमुना नदी के ओवरब्रिज पर पहुंचे। ऑटो खड़ा कर नदी में स्नान किया। इसी दौरान आरोपित महादेव ने किसी बात पर सागर को गाली दे दी। सागर ने विरोध कर उसके परिवार के बारे में अपशब्द कहे। तैश में आकर आरोपित महादेव ने साथियों संग सागर को नदी में डुबोकर मार डाला। वारदात को अंजाम दे आरोपित साथियों संग फरार हो गया था।