कुत्ते की वजह से पकड़ा गया प्रेमी, प्रेमिका ने जहर खा दे दी जान Panipat News
कुत्ते की वजह से एक प्रेमिका से मिलने गया प्रेमी पकड़ा गया। कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर स्वजन जाग गए। इसके बाद हंगामा मच गया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। इस प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हुआ। प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी कुत्ते की वजह से पकड़ा गया। प्रेमिका के घरवाले जाग गए और उसकी पिटाई कर दी। युवती ये सब बर्दाश्त नहीं कर पाई। उसने अपनी जान दे दी।
यमुनानगर के बिलासपुर में प्रेम प्रसंग में प्रेमिका के घर पर आए प्रेमी सोहन लाल को स्वजनों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई की। बीच बचाव में आई प्रेमिका को भी परिवार के लोगों ने पीटा। आरोपित युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। इससे आहत होकर प्रेमिका ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
प्रेमी पर आरोप
युवती के स्वजनों का आरोप है कि सोहन ने उनकी बेटी को जहर दिया है। जिससे उसकी मौत हुई है। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर आरोपित सोहन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
कई सालों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
आरोपित सोहन लाल बरौली का रहने वाला है। बिलासपुर में उसके मामा हैं। यहीं पर उसका 21 वर्षीय युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों के बीच कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 16 दिसंबर को सोहन युवती से मिलने उसके घर पर आया था।
युवती ने परिवार के लोगों का विरोध किया
घर में पालतू कुत्ता था। जब सोहन घर में घुसा तो कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया। परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने आरोपित सोहन लाल को पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के पास लेकर पहुंचे। युवती ने परिवार के लोगों का विरोध भी किया।
मृतका की मां ने दी शिकायत
मृतका की मां ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि रात करीब 10 बजे कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर उठी। सोहन बैड के नीचे छिपा था। आरोपित कहने लगा कि उसे युवती ने बुलाया है। इस बारे में युवती से बात की, तो उसने इन्कार कर दिया। इस दौरान आरोपित ने उनकी बेटी को कुछ खाने के लिए दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यहां से पहले उसे सिविल अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर होने के चलते निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच अधिकारी एसआइ बलबीर ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपित सोहन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आगे मामले की तफ्तीश की जा रही है।