Panipat Coronavirus News Update: जेल तक पहुंचा कोरोना, दो बंदियों सहित 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव
पानीपत में कोरोना संक्रमण अब जेल तक पहुंच गया है। इसके अलावा अशोक नगर की बच्ची थर्मल कॉलोनी का मासूम संक्रमित मिला है। विकास नगर के दो भाई सेक्टर 13-17 के दो पॉजिटिव।
पानीपत, जेएनएन। कोरोना वायरस अब जिला जेल तक पहुंच गया है। बुधवार को दो बंदियों सहित 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें से दीवान नगर वासी 72 वर्षीय की एक प्राइवेट अस्पताल में दो दिन पहले मौत हो गई थी। इनके अलावा एक साल की बच्ची, पांच साल का मासूम, विकास नगर के दो भाइयों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। सेक्टर 13-17 में एक महिला और एक युवक भी संक्रमित मिला है।
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि दीवान नगर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। बीते 22 जून को उनकी मृत्यु हो गई, सैंपल लिए गए थे। बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। मृतक के परिवार में नौ सदस्य हैं, उनके भी सैंपल लिए जाएंगे। जिला सोनीपत के वासी 43 वर्षीय और 34 वर्षीय बंदी को भी पुलिस दो दिन पहले सैंपल के लिए सिविल अस्पताल लाई थी। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। अन्य संक्रमितों में न्यू विकास नगर तहसील कैंप वासी 22 वर्षीय युवक, सेक्टर 13-17 वासी 24 वर्षीय युवक और 30 वर्षीय महिला, थर्मल कॉलोनी का पांच साल का मासूम, अशोक नगर की एक साल की बच्ची, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का 22 वर्षीय युवक सेक्टर-12 वासी 47 वर्षीय पुरुष, विकासनगर के दो सगे भाई शामिल हैं।
सिविल सर्जन के मुताबिक सोनीपत के जवाहर नगर में उपचाराधीन 30 वर्षीय महिला और गोहाना निवासी 30 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। सभी संक्रमितों के निकट संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग और सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं।
तालू की सर्जरी कराने भर्ती हुई थी बच्ची
अशोक नगर की एक साल की बच्ची की तालू की सर्जरी होनी थी। दो दिन पहले मॉडल टाउन स्थित एक प्लास्टिक सर्जन के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सर्जरी से पहले स्वाब सैंपल लिए गए थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके माता-पिता, डाक्टर और अस्पताल के पांच स्टाफ के सैंपल लिए गए हैं। अस्पताल के तीन कर्मचारियों के सैंपल वीरवार को लिए जाएंगे।
मां के साथ ननिहाल से आया था बच्चा
थर्मल के एक एसडीओ की पत्नी पांच वर्षीय पुत्र को लेकर मायका बहादुरगढ़ गई थी। लौटने पर शनिवार को मां महिला का सैंपल लिया गया था, रिपोर्ट नेगेटिव मिली थी। सोमवार को उसके पुत्र का सैंपल लिया गया। उसकी रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने एसडीओ के सैंपल लेकर रिपोर्ट आने तक परिवार को होम क्वारंटाइन कर दिया है।
रिपोर्ट से पहले कर दिया दाह संस्कार
दीवान नगर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत सोमवार को हुई थी। मृत्यु के बाद सैंपल लिए तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। हैरत की बात यह कि मृतक का दाह संस्कार मंगलवार को ही (कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किए बिना) कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने प्राइवेट अस्पताल से इस बाबत जबाव तलब किया है।
वीडियो कांफ्रेंस से होगी गिरफ्तार आरोपितों की पेशी
जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनीषा बतरा ने बुधवार को जिले के सभी थानों को आदेश जारी किए है। विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किए जाने वाले आरोपितों की पेशी अब इलाका मजिस्ट्रेट की कोर्ट में नहीं होगी। वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आरोपितों की पेशी होगी। कोविड-19 संक्रमितों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर, एहतियातन यह आदेश जारी किया गया है।
अब तक सात मौत
कोविड-19 से मरने वालों की संख्या जिले में सात तक पहुंच गई है। हालांकि, इनमें से पांच की रिपोर्ट मौत के बाद आई है। उनकी मौत के अन्य कारण भी रहे। बुधवार को शिमला मौलाना निवासी 23 वर्षीय युवती को डिस्चार्ज भी किया गया है। अब तक संक्रमित मिले 151 मरीजों में से 97 स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 47 रह गए हैं।
पहली बार पॉजिटिवों की इतनी संख्या
मार्च से लेकर अब तक एक दिन में 14 केस पॉजिटिव मिलने का पहला मामला है। इससे पहले दो मई को भी 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। उसके अगले दिन भी आठ लोग संक्रमित मिले थे। जिले में संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी नए आइसोलेशन-कोविड केयर सेंटर बनाने में जुटा है।
ये भी पढ़ें: प्यार-अपराध का रोचक मामला, जेल से छूट किया प्रेमविवाह, खर्चे कम पड़े तो बना सरगना
ये भी पढ़ें: Video Viral सहम जाएगा दिल, चोरी के शक में दो युवकों को पेड़ से बांध बेरहमी से पीटा
ये भी पढ़ें: पंचायती जमीन में कब्जे के लिए हत्या, घर से बाहर बुलाकर मार दी गोली
ये भी पढ़ें: उधार दिए रुपये मांगने पर दुकानदार के पेट में मारी गोली, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
ये भी पढ़ें: Religion Conversion पानीपत में 5 परिवारों के 24 सदस्यों ने मुस्लिम धर्म छोड़ अपनाया हिंदू धर्म
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें