Panipat Coronavirus Update: अग्रसेन हॉस्पिटल के डाक्टर, दिल्ली पुलिस के सिपाही सहित छह पॉजिटिव
पानीपत में छह और कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। अब कुल एक्टिव केस 63 हो गए हैं जबकि स्वस्थ होने वाले 101 हुए।
पानीपत, जेएनएन। सिग्नेस महाराजा हॉस्पिटल के डाक्टर, दिल्ली पुलिस के सिपाही और कांग्रेस नेता सहित शनिवार को छह पॉजिटिव मिले हैं। इनमें पड़ाव मुहल्ला समालखा वासी 72 वर्षीय व्यापारी भी हैं। मॉडल टाउन निवासी 21 वर्षीय युवती को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी गई है।
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि चुलकाना गांव वासी 27 वर्षीय युवक दिल्ली पुलिस में सिपाही है। दो दिन पहले सैंपल लिए गए थे, रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल एक 40 वर्षीय डॉक्टर और अलुपुर निवासी 28 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव है। इसराना की 50 वर्षीय महिला प्रेम अस्पताल में उपचाराधीन डाक्टर के संपर्क में आयी और संक्रमित हो गई। समालखा के पड़ाव मोहल्ला के 72 वर्षीय कांग्रेस नेता ने दिल्ली से लौटने के बाद सैंपल दिए और संक्रमित मिले हैं। सोनीपत की 51 वर्षीय महिला संक्रमित है, प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है।
सिविल सर्जन के मुताबिक कोविड-19 के तहत कुल 8093 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 7759 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हो चुकी है। शनिवार को भेजे गए 189 सैंपल सहित 356 की रिपोर्ट आनी है। 101 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, एक्टिव केस 63 हो गए हैं।
2500 बेड करने हैं तैयार
सिविल सर्जन ने बताया कि कोविड-19 के आशंकित-पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने कोविड केयर सेंटरों में 2500 बेड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिले में 1100 बेड तैयार हैं, इनमें 600 बेड एनसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के हैं। सिविल अस्पताल के बेसमेंट में आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए प्रपोजल भेजा हुआ है।
पूर्व चेयरमैन के परिवार में पांच के लिए सैंपल
समालखा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन का पुत्र और पुत्रवधू शुक्रवार को संक्रमित मिले थे। दंपती ने दिल्ली से लौटने के बाद स्वाब सैंपल दिए थे। परिवार के पांच सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं। गली के 32 घरों में 200 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है। नगर पालिका की ओर से एरिया सैनिटाइज कराया गया है।