Panipat Coronavirus Update: हैदराबादी अस्पताल के डाक्टर सहित पांच को कोरोना, संपर्क में आए सांसद, विधायक, भाजपा नेत्री सहित कई नेता का लिया सैंपल
पानीपत में कोरोना पॉजिटिव के केस लगातार बढ़ रहे हैं। अब पांच लोग और संक्रमित मिले हैं। वहीं अब तक मिले 123 केसों में से 86 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 32 एक्टिव हैं।
पानीपत, जेएनएन। हैदराबादी अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ (भाजपा नेत्री के पति) सहित पांच लोगों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई है। इनमें एक सुखदेव नगर निवासी (17 जून को पॉजिटिव आए) व्यक्ति की पत्नी भी है। इसी के साथ स्वास्थ्य विभाग ने सांसद, शहर विधायक, भाजपा नेत्री सहित कई नेताओं के स्वाब सैंपल भी लिए गए हैं। अस्पताल के स्टाफ को होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सेक्टर-12 निवासी, हैदराबादी अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ की बेटी दिल्ली के मैक्स अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट है। वह कोरोना को हराकर नौ जून को घर लौटी थी। 10 जून को उसका सम्मान समारोह किया गया था। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, सांसद संजय भाटिया, शहर विधायक प्रमोद विज सहित कई नेता शामिल हुए थे। डॉक्टर व उनकी पत्नी (भाजपा नेत्री एवं रेडियोलॉजिस्ट) ने मेहमानों का सत्कार किया था। तीन दिन पहले नेत्र रोग विशेषज्ञ को कुछ दिक्कत महसूस हुई तो एहतियात के तौर पर उन्होंने सैंपल कराए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उनकी पत्नी के सैंपल भी लिए गए हैं। सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि सांसद-विधायक सहित अन्य नेताओं के सैंपल एहतियात के तौर पर लिए गए हैं। चिकित्सक को होम आइसोलेशन में रखा गया है। बुधवार को सुखदेव नगर निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। शुक्रवार को उनकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है।
सिविल सर्जन के मुताबिक पॉजिटिवों में मॉडल टाउन निवासी 36 वर्षीय युवक है। वह नाइजीरिया से लौटा और एक होटल में रह रहा था। गांव नन्हेड़ा वासी 34 वर्षीय युवक तीन दिन पहले दिल्ली से लौटा था। सेक्टर छह वासी 27 वर्षीय युवक भी संक्रमित है, उसकी ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। अब तक मिले 123 केसों में से 86 स्वस्थ हो चुके हैं, 32 एक्टिव हैं।
नौल्था वासी महिला और उसके दो बच्चे स्वस्थ
नौल्था वासी महिला पांच जून को परिवार सहित दिल्ली से लौटी थी। सात जून को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। एक साल का बच्चा उसके साथ सिविल अस्पताल के दूसरे कक्ष में क्वारंटाइन रहा। 12 जून को वह भी पॉजिटिव मिला। इसके बाद महिला का नौ वर्षीय बेटा भी संक्रमित मिला। शुक्रवार को महिला और उसके दोनों पुत्रों को रिपोर्ट नेगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है।