करनाल में घुसा तेंदुआ, पानीपत से लेकर जीटी बेल्ट पर दहशत
जिला जेल परिसर के समीप रविवार देर रात तेंदुआ घुस गया। जेल परिसर के बाहर ड्यूटी दे रहे बीएसएफ कर्मचारी ने तेंदुए को घूमते देखा तो इसकी जानकारी दूसरे साथियों को दी।
पानीपत, जेएनएन। करनाल में जेल के पास देर रात तेंदुआ घुस आया। जेल परिसर के बाहर ड्यूटी दे रहे बीएसएफ कर्मचारी ने तेंदुए को घूमते देखा तो इसकी जानकारी दूसरे साथियों को दी। जब तक जेल प्रशासन हरकत में आता उससे पहले तेंदुआ वहां से गायब हो गया। कर्मचारियों ने उसे तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। तेंदुआ आने की सूचना मिलने पर पानीपत सहित जीटी रोड बेल्ट पर दहशत है। कहीं किसी शहर में न ये घुस जाए।
जेल परिसर के समीप तेंदुआ आने की सूचना से प्रशासन में खलबली मच गई। इसकी सूचना जेल सुपरिंटेंडेंट को दी गई। वन प्राणी विभाग को भी तुरंत तेंदुए घुसने की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही विभाग के इंस्पेक्टर रामपाल मौके पर पहुंचे और छानबीन की। टीम के सर्च आपरेशन में तेंदुए के पैरों के निशान मिले हैं। कैथल रोड से लगभग 200 मीटर दूरी पर जेल परिसर के आसपास तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं। फिलहाल टीम ने पंजे के निशान की तस्वीर खींचकर रोहतक भेजी है।
करनाल पहुंची विशेषज्ञों की टीम
मंगलवार सुबह विशेषज्ञों की टीम करनाल पहुंची। दहशत में 250 से अधिक परिवार जहां पर तेंदुए के निशान पाए गए हैं, वहां से कुछ दूरी पर ही नई पुलिस लाइन है। जहां पर 250 से ज्यादा परिवार रह रहे हैं। तेंदुआ आने की सूचना से आसपास के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों ने डर के मारे रात के समय खिड़की दरवाजे अंदर से बंद कर लिए हैं।
बीएसएफ कर्मचारी ने देखा था
जेल सुपरिंटेंडेंट शेर सिंह ने कहा कि रात को ड्यूटी दे रहे बीएसएफ के कर्मचारी ने तेंदुए को घूमते हुए देखा था। सूचना मिलने के बाद पूरे स्टाफ को अलर्ट कर दिया है। हमने इसकी जानकारी वन्य विभाग को दी गई है। डीएसपी को अपने नंबर उपलब्ध कराएं हैं। ताकि इमरजेंसी में उनसे संपर्क किया जा सके।
पुष्टि हो गई है
वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर रामपाल ने कहा कि जैसे ही हमें सूचना मिली हम मौके पर पहुंचे। तेंदुआ आने की पुष्टि हुई है। उसके यहां पर आने व जाने के निशान मिले हैं। फिलहाल टीम को सतर्क कर दिया गया है। लोग घबराएं नहीं। कहीं पर तेंदुआ दिखाई देता है तो तुरंत विभाग को सूचना दें।