कानपुर से आए नौ कश्मीरियों को पुलिस ने पकड़ा, सभी को मस्जिद में किया क्वारंटाइन
कुरुक्षेत्र में पुलिस ने नौ कश्मीरियों को पकड़ा है। सभी कानपुर से लुधियाना और वहां से कश्मीर जाना चाहते थे। शाहाबाद में पहुंचने पर उन्हें पकड़ लिया गया।
पानीपत, जेएनएन। कुरुक्षेत्र में नौ कश्मीरियों को पकड़ा गया। कश्मीरियों के मिलने की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। नौ कश्मीरियों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इन सभी को मस्जिद में ही क्वारंटाइन किया है। वहीं पुलिस को भी तैनात कर दिया गया है।
शाहाबाद थाना प्रभारी विपिन कुमार ने जीटी रोड से जा रहे नौ कश्मीरियों को पकड़ा है। इसकी पुष्टि ड्यूटी मजिस्ट्रेट परमिन्द्र सिंह ने भी की है। उन्होंने बताया कि 9 कश्मीरियों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। पकड़े गए कश्मीरियों की मेडिकल जांच भी करवाई गई है। इसमें कोरोना का किसी तरह का लक्षण नहीं पाया गया है और सभी स्वस्थ हैं। मेडिकल जांच के बाद इनको नगरपालिका के पास मस्जिद में क्वारंटाइन किया गया है।
कानपुर से आए थे सभी
परमिंद्र सिंह ने बताया कि ये कश्मीरी कानपुर से लुधियाना और वहां से कश्मीर जाने के प्रयास में थे। लेकिन लॉकडाउन के कारण इन्हें शाहाबाद थाने के सामने सड़क से पकड़ा गया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि जिस मस्जिद में कश्मीरियों को क्वारंटाइन किया गया है वहां पर पुलिस भी तैनात की गई है और इनके लिए खाने की व्यवस्था भी कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से आए 2333 लोगों को ढूंढ निकाला
लॉकडाउन के दौरान कुरुक्षेत्र समेत देश में फंसे विदेशियों को वापस भेजा जाएगा। इससे पहले उनके स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। किसी तरह की शिकायत आने पर उनको देश में ही क्वारंटाइन किया जाएगा। डीसी धीरेंद्र खडगटा ने कि बताया कि गृह मंत्रलय के संज्ञान में आया है कि लॉकडाउन के चलते विभिन्न हिस्सों में कुछ विदेशी नागरिक फंसे हुए हैं। कुछ देशओं की सरकारों ने भारत सरकार को अपने नागरिकों को निकालकर वापस भेजने का आग्रह किया है। भारत सरकार ने इन विदेशियों की निकासी केस टू केस आधार पर करते हुए वापिस भेजने के लिए विदेश मंत्रलय को पत्र लिखा है और इस संबंध में इन विदेशी नागरिकों को अपने देश वापिस ले जाने के लिए संबंधित विदेशी सरकार भारतीय उड्डयन मंत्रलय के साथ समन्वय स्थापित कर वायुयान उपलब्ध करवाएगी। इन्हें वापिस भेजने से पहले स्वास्थ्य प्रोटोकॉल मानकों के अनुसार कोविड-19 से संबंधितत जांच होगी और जांच में कोविड-19 से संबंधित लक्षण पाए जाने का संदेह होने पर आगामी उपचार के लिए कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फंसे विदेशी नागरिकों को वापस भेजने के किए जाएंगे प्रबंध
जिलावासियों के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में विदेशों से आए 2333 लोगों को ढूंढ निकाला है और इन सबको निगरानी में भी ले लिया है। इनमें से 1427 को देश में आए हुए 28 दिन से ज्यादा का समय हो गया है। जबकि 906 ऐसे लोग हैं जो अभी 14 दिन के लिए अपने घरों में ही क्वारंटाइन रहेंगे। वहीं इनमें से एक भी मरीज को अभी तक कोरोना वायरस के लक्षण नहीं है। साथ ही अभी तक जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव मामला नहीं आया है। हालांकि अभी दो के सैंपल की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। मगर इनकी हिस्ट्री को देखकर स्वास्थ्य विभाग इनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आने की संभावना जता रहा है।
अधिकारी के बेटे का लिया सैंपल
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिन दो का सैंपल लिया है। उनमें से एक तब्लीगी जमात का है और 29 दिन पहले ही शहर में लौट आया था और दूसरा एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी का बेटा है। इनमें से एक को होटल में क्वारंटाइन किया हुआ है। सायं चार बजे तक भी इनकी रिपोर्ट नहीं आई थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इन दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आने की संभावना ही लिए बैठा है, क्योंकि एक में जहां बिल्कुल भी लक्षण नहीं है।
43 की रिपोर्ट निगेटिव
अभी तक कुरुक्षेत्र जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव मामला नहीं मिला है। अगर बात करें तो 20 दिन में 14 संदिग्ध लोग आए। इनमें से 13 की रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि 31 तब्लीगी जमात के लोग सामने आए हैं। इनमें से किसी को भी कोरोना वायरस के लक्षण तो नहीं थे लेकिन देश भर में तब्लीगी जमात के लोगों को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद यहां भी जांच कराई गई। इनमें से 30 के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें