महिला ने जिम जाना छोड़ा तो सिरफिरे आशिक ने किया अपहरण, ले गया दिल्ली
मॉडल टाउन की है वारदात। मॉडल टाउन की महिला की जिम में सन्नी से हुई थी दोस्त। महिला कार से दूध लेने जा रही थी तभी हुआ अपहरण। दिल्ली में महिला ने शोर मचाकर पुलिसकर्मियों की मदद ली।
पानीपत, जेएनएन। मॉडल टाउन की दो बच्चों की मां से युवक की जिम में दोस्ती हो गई। महिला ने जिम जाना छोड़ दिया। इससे खफा सिरफिरे युवक ने सुबह मॉडल डाउन में महिला की कार का शीशा तोड़ दिया और उसी गाड़ी से अपहरण कर लिया। छह घंटे बाद दिल्ली में महिला ने शोर मचाकर पुलिसकर्मियों को बताया तो आरोपित को काबू कर लिया गया। घटना सुबह करीब पांच बजे की है।
हेल्थ पॉलिसी करने वाले मॉडल टाउन के एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी शादी 2004 में हुई और दो बच्चे हैं। पत्नी गृहिणी है। उसकी 36 वर्षीय पत्नी बेटे के साथ असंध रोड अनेजा पेट्रोल पंप के पास जिम में जाती थी। इसी जिम में अविवाहित करनाल के बल्ला गांव का 25 वर्षीय सन्नी मान भी कसरत करने आता था। सन्नी फैक्ट्री में ठेकेदार था और हाल में आठ मरला में किराए पर रहा था। सन्नी की पत्नी से पहचान हो गई थी।
चार महीने पहले पत्नी ने जिम जाना छोड़ दिया था। इसके बाद से ही सन्नी पत्नी को परेशान कर रहा था। रविवार को वह बहन के घर गया था। पीछे से सन्नी और उसकी पत्नी से झगड़ा करने लगा कि जिम क्यों नहीं आती। सोमवार सुबह पत्नी कार लेकर घर से दूध लेने के लिए निकली थी।
मॉडल टाउन में सन्नी ने कार के आगे बाइक अड़ा दी और ईंट से ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया। आरोपित सन्नी पत्नी को कार से अपहरण करके ले गया पत्नी ने कॉल कर अपनी मां को बताया कि सन्नी ने उसका अपहरण कर लिया है। उसने मॉडल टाउन चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया।
टूटे शीशे को गाड़ी से नीचे फेंका तो दिल्ली पुलिस के शिकंजे में फंसा अपहरणकर्ता
मॉडल टाउन चौकी प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही उसकी टीम ने आरोपित की तलाश में जुट गई। सुबह 11 बजे सन्नी दिल्ली के स्वरूप नगर क्षेत्र में जाकर निश्चित हो गया कि अब उसे पानीपत पुलिस नहीं पकड़ पाएगी। सन्नी ने साइड में गाड़ी लगाई और महिला को भी गाड़ी से नीचे उतार दिया। सन्नी गाड़ी में पड़े शीशे बाहर फेंकने लगा। महिला को मौका मिला और उसने शोर मचाकर पास से गुजर रहे पुलिसकर्मियों को बताया कि उसका सन्नी ने अपहरण कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपित सन्नी को पकड़ लिया और महिला के स्वजनों व उनकी टीम को कॉल कर वारदात की जानकारी दी। आरोपित सन्नी को दिल्ली से लाकर अदलात में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
15 नाकों को पार कर ले गया दिल्ली
पीडि़त महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित सन्नी ने उसे धमकी दी थी कि शोर मचाकर पुलिस को बताया तो उसे जान से मार देगा और खुद भी मर जाएगा। वे डर डर गई थी। उसने तय किया कि जहां पर कार रुकेगी वे वहीं पुलिस को वारदात की जानकारी देगी। ताकि आरोपित उसे व खुद को नुकसान न पहुंचा सके। मॉडल टाउन, सिवाह, समालखा, हल्दाना बार्डर, सोनीपत और दिल्ली तक करीब 15 पुलिस नाकों को पार कर आरोपित दिल्ली पहुंचा। दिल्ली में पुलिस ने आरोपित को काबू कर लिया।