केजरीवाल 9 को फिर जाएंगे करनाल, लोकसभा क्षेत्र स्तर की करेंगे जनसभा
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल दोबारा हरियाणा आएंगे। इस बार वह रैली भी करेंगे। पानीपत के आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष ने इस बात की पुष्टि की है।
पानीपत, जेएनएन। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 9 दिसंबर को करनाल जाएंगे। वह लोकसभा क्षेत्र स्तर की जनसभा को संबोधित करेंगे। आप कार्यकर्ताओं ने उसी दिन उनके अस्पताल, डिस्पेंसरी और सरकारी स्कूल भी देखने की बात कही है। आप ने इस बार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रास्ता न रोकने की चेतावनी दी है। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के पानीपत जिलाध्यक्ष डॉ. अजय शर्मा ने सोमवार को स्काईलार्क टूरिस्ट कांप्लेक्स में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने गत दिनों भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा के द्वारा मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ की तू-तड़ाक की निंदा की। उन्होंने कहा कि वे गजेंद्र सलूजा के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेंगे। इसमें पुलिस को भी पार्टी बनाएंगे। अर¨वद केजरीवाल से इस बारे में बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार को भाजपा नेताओं ने करनाल के गांव बाल पबाना में जाने वाले रास्तों को जाम कर दिया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तमाशा बनकर देखते रहे। अधिकारियों ने जाम लगाने वालों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की, जबकि दूसरे दलों के कार्यकर्ता ऐसा करते तो उनको जेलों में ठूंस दिया जाता है। उन्होंने एसडीएम असंध से बातचीत कर जाम खुलवाने की बात कही थी। एसडीएम ने उल्टे उन पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे दी।
पुलिस ने फाड़े आप के पोस्टर
डॉ. अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने आप के पोस्टर तक फाड़ दिए। यह सब सरकार के दबाव में किया गया है। भाजपा सरकार पानीपत के सिविल अस्पताल को आधुनिक बनाने का दावा कर रही है। वे दिल्ली के मुख्यमंत्री को इसी अस्पताल का निरीक्षण कराएंगे। इस मौके पर रामरत्न शर्मा, सुखबीर मलिक, दीपक बग्गा, डेवेन सलूजा, हरीश रहेजा और मनमोहन मौजूद रहे।