काम की खबर- शामली, मेरठ, सहारनपुर के लिए हर 25 मिनट में बस सर्विस
करनाल से उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड के लिए यात्री अब आसानी से सफर कर पाएंगे। सुबह से शाम तक करनाल डिपो की 11 बसें और उत्तर प्रदेश की भी 21 बसें रूट पर दौड़ेंगी।
पानीपत, जेएनएन। उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड के लिए यात्री अब आसानी से सफर कर पाएंगे। सवारियों को अब हर 25 मिनट के बाद करनाल से बस सर्विस मिलेगी। सुबह से शाम तक करनाल डिपो की 11 बसें और उत्तर प्रदेश की भी 21 बसें रूट पर दौड़ेंगी। सुबह 6:20 से शाम 6 बजे तक इन सभी बसों के रोडवेज के कुल 61 टाइम फाइनल हुए हैं।
37 बसों का टाइम टेबल बनाया गया
करनाल से यूपी वाया उत्तराखंड के लिए 37 बसों पर समझौता हुआ है। करनाल रोडवेज ने जो 61 टाइम फाइनल किए हैं, उनमें उत्तरप्रदेश की तरफ की कुल 21 बसों को टाइम दिए गए हैं। जबकि 40 टाइम करनाल डिपो की रोडवेज बसों को मिले हैं। यूपी राज्य की बसों को अभी और भी टाइम मिलेंगे। इस पर वर्किंग चल रही है। इस बस सर्विस से उत्तरप्रदेश जाने वाली सैकड़ों सवारियों को फायदा हुआ है।
यमुनानगर से बस पकड़ने की नहीं जरूरत
अभी तक सवारियों को शामली, मेरठ, सहारनपुर, गंगोह, बड़ौत व मुज्जफरनगर जाने के लिए करनाल से कोई बस सर्विस नहीं मिलती थी। मेरठ रोड पर केवल बड़ौली तक ही सर्विस थी। यानि अगर किसी यात्री को (हरिद्वार की बस को छोड़कर) उत्तराखंड या उत्तरप्रदेश जाना होता था, तो उन्हें सीधी बस या तो पानीपत से मिलती थी या यमुनानगर से। लेकिन अब यात्री करनाल अड्डे से ही सीधी बस पकड़ सकेंगे। इन मार्गों से वाया होकर हरिद्वार-ऋषिकेश जाने के लिए भी बसों की सर्विस बढ़ी है।