पानीपत की कनिका मान ने बिग बॉस में मारी एंट्री, 'गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा' शो से बनाई थी पहचान
पानीपत की निवासी अभिनेत्री कनिका मान ने रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में बतौर पहली कंटेस्टेंट एंट्री ली है।

पानीपत की बेटी कनिका मान ने ‘बिग बॉस 20’ में मारी एंट्री।
HighLights
कनिका मान ने बिग बॉस 20 में पहली एंट्री ली।
'गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा' से घर-घर में पहचान बनाई।
वह 'खतरों के खिलाड़ी 12' की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत। पानीपत की रहने वाली अभिनेत्री कनिका मान ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है। कनिका ने मंच पर ‘शरारत’ गाने पर परफार्मेंस के साथ शो की पहली कंटेस्टेंट के रूप में कदम रखा। कनिका चर्चित शो ‘नागिन 7’ में राधिका के किरदार को लेकर चर्चा में रही।
पानीपत में जन्मी कनिका मान ने चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से अपनी शिक्षा पूरी की। मनोरंजन की दुनिया में कदम रखना उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि शुरुआत में परिवार की तरफ से करियर को लेकर चिंताएं थीं। हालांकि, परिवार का साथ मिलने के बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2015 के आसपास पंजाबी म्यूजिक वीडियो से की। इसके बाद उन्होंने ‘रॉकी मेंटल’ और ‘दाना पानी’ जैसी पंजाबी फिल्मों में काम किया। वर्ष 2018 में उन्होंने टीवी शो ‘बढ़ो बहू’ से हिंदी टेलीविजन की दुनिया में प्रवेश किया।
‘गुड्डन’ बनकर घर-घर में बनाई खास पहचान
कनिका के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट ज़ी टीवी का लोकप्रिय धारावाहिक ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ रहा। इस शो में मुख्य किरदार निभाकर कनिका ने घर-घर में अपनी एक खास पहचान बनाई। टीवी के बाद उन्होंने ओटीटी प्लेटफार्म पर वेब सीरीज ‘रूहानियत’ में काम किया। इसके अलावा वह साल 2022 में रोहित शेट्टी के स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ की फाइनलिस्ट भी रह चुकी है।
सोशल मीडिया पर भी छाई रहती हैं कनिका
अभिनय के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी कनिका की फैन फॉलोइंग काफी मजबूत है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 73 लाख और फेसबुक पर 25 लाख से अधिक फालोअर्स हैं। बिग बॉस के घर में उनकी यह नई पारी उनके फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाली है।
शुरू से ही होनहार है कनिका
जब कनिका पानीपत में अपने परिवार के साथ रहती थी तो वह शुरू से ही होनहार छात्रा रही और काफी होनहार थी। पानीपत में उनके आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि वर्तमान में कनिका मुंबई में रहती है।
पानीपत में शुरुआती पढ़ाई करने के बाद वह चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में चली गई और वहीं से उनका म्यूजिक इंडस्ट्री का सफर शुरू हुआ। उसके बाद कई टीवी सीरियल और ओटीटी प्लेटफार्म पर भी उन्होंने काम किया है।
हरियाणा के कई कलाकार रहे हैं ‘बिग बॉस’ का हिस्सा
हरियाणा के कई मशहूर चेहरे और कलाकार अलग-अलग सीजन में ‘बिग बॉस’ का हिस्सा बन चुके हैं। हरियाणा की मशहूर कलाकार सपना चौधरी ने सीजन 11 में हिस्सा लिया था। करनाल निवासी रोमिल चौधरी (जो पेशे से वकील थे) ने हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल निर्मल सिंह के साथ एक 'जोड़ी' के रूप में शो में प्रवेश किया था।
गुरुग्राम (वजीराबाद गांव) के रहने वाले प्रसिद्ध यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर एल्विश यादव ने बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी। वह इस सीजन के विजेता रहे थे। दिवंगत नेता और अभिनेत्री सोनाली फोगाट ने ‘बिग बॉस सीजन 14’ में हिस्सा लिया था। वह दिसंबर 2020 में शो में एक वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में दाखिल हुई थीं और जनवरी 2021 तक इस शो का हिस्सा रही थीं।
