कैथल, जागरण संवाददाता। जननायक जनता पार्टी नौ दिसंबर को अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस दिन झज्जर में जन सरोकार के नाम से एक रैली रखी गई है। इसका न्यौता देने कैथल पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.अजय सिंह चौटाला ने इस रैली के मंच से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जवाब देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरीखे लाेग यह कहते घूम रहे हैं कि हम लोगों के बीच में जाकर दिखाएं। चौटाला ने कहा, हम लोगों के बीच में भी जाएंगे और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर में जाकर अपनी ताकत को प्रदर्शित करने का काम करेंगे। डा.अजय चौटाला पार्टी के वरिष्ठ नेता रोशन ढांडा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रोहतक संसदीय क्षेत्र जननायक देवीलाल का कर्मक्षेत्र रहा है। रही भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बात तो गढ़ तो राजा-महाराजाओं के भी नहीं रहे। प्रजातंत्र में जनता ही सबसे बड़ी शक्ति होती है और इसी शक्ति के जरिये हम उन्हें यह अहसास कराने का काम कर रहे हैं।
कृषि सुधार कानून वापसी पर अजय चौटाला ने कहा कि एमएसपी के लिए सरकार ने कमेटी का गठन किया है। हरियाणा की सरकार ने 13 फसलों पर एमएसपी देने का ऐतिहासिक काम किया और इससे ज्यादा दामों पर कई फसलें खरीदी गई। किसानों की आय को बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब इस विवाद को पूरी तरह से खत्म करना चाहिए। इसके लिए प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि किसानों पर दर्ज मुकदमे भी वापस ले लिए जाएं। जब-जब भी उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को केंद्र के मंत्रियों से मिलने का मौका मिला तो कृषि कानूनों को लेकर किसान हित में चर्चा की गई। उनके साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, जिलाध्यक्ष रामफल मलिक, राजू ढुल पाई, अशोक बंसल, बलवान कोटड़ा, बलराज नौच, रणदीप कौल, धूप सिंह माजरा मौजूद रहे।
हिसार हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय बनाएंगे
एक सवाल के जवाब में डा.अजय चौटाला ने कहा कि राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा के पिता की प्रदेश में 10 साल तक सरकार रही, उन्होंने कुछ नहीं किया। कभी वे महम में हवाई अड्डा बनाने की बात कहते थे तो कभी लाखन माजरा मेें, लेकिन कहीं एक ईंट तक नहीं लगाई। इस सरकार में हिसार के हवाई अड्डे को राष्ट्रीय बनाया गया है और इसके बाद इसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी बनाया जाएगा।
a