विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana News: पानीपत में जजपा नेता की गोली मारकर हत्या, दो दोस्तों की भी हालत गंभीर; इलाके में हड़कंप

Published: Fri, 21 Mar 2025 11:19 PM (IST)

पानीपत के विकास नगर में जजपा युवा नेता रविंद्र उर्फ मिन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके दो ...और पढ़ें

मृतक रविंद्र का फाइल फोटो, मौके पर पहुंचे एसपी।
मृतक रविंद्र का फाइल फोटो, मौके पर पहुंचे एसपी।

HighLights

  1. पानीपत के विकास नगर की गली नंबर दो की है वारदात।
  2. जजपा नेता की आरोपित के साथ काफी दिनों से चल रही थी कहासुनी।
  3. मौके पर पहुंचे एसपी, गिरफ्तारी के लिए सीआईए की टीमों का गठन।

जागरण संवाददाता, पानीपत। पानीपत के विकास नगर में जजपा युवा नेता की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। उसके दो दोस्तों को भी गोली मारी गई है। उनकी हालत गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी यहां से अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही एसपी लोकेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।

एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीआईए की टीमों का गठन किया है। जजपा नेता के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। सेक्टर 29 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से जागसी गांव का रहने वाला रविंद्र उर्फ मिन्ना पूर्व में जजपा का प्रदेश सहसचिव था। वह कई साल से परिवार के साथ विकास नगर में रहता था। रविंद्र की साली की शादी गांव के ही रणबीर के साले के साथ हुई थी।

रविंद्र के माथे और छाती में मारी गोली

रविंद्र व रणबीर में काफी दिन से कहासुनी चल रही थी। शुक्रवार को पानीपत के विकास नगर में रविंद्र के दोस्त राजू के घर पर पंचायत चल रही थी। यहां रणबीर भी आया था। जैसे ही पंचायत में जागसी गांव का विनय आया तो उसे देखते ही रणबीर आग बबूला हो गया।

उसने विनय पर गोली चला दी और भागने का प्रयास करने लगा। इसी वक्त यहां पर रविंद्र उर्फ मिन्ना अपने दोस्त विकास नगर निवासी विनीत के साथ आ गया। रणबीर ने भागते हुए रविंद्र व विनीत पर भी गोली चला दी। रविंद्र के माथे व छाती में गोली लगी।

विनीत के पेट में गोली मारी। रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। विनीत व विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में लाया गया है। यहां इनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार करें

रविंद्र मिन्ना पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता था। पानीपत में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। रविंद्र की हत्या के आरोपी को जल्द पकड़ा जाना चाहिए।

- सुरेंद्र काला, राष्ट्रीय सचिव, जजपा, पानीपत

पूरे मामले की जांच चल रही है। सीआईए की टीमें आरोपी की धरपकड़ में जुटी हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

- एसपी लोकेंद्र सिंह

यह भी पढ़ें- युवाओं-किसानों पर जोर व गरीबों को कई योजनाएं, नायब सरकार ने हर क्षेत्र में की बढ़ोतरी; किस मंत्री को मिले कितने पैसे?