24 से 26 जून के बीच होगी बूंदाबांदी
शनिवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा कम चलने से गर्मी अधिक महसूस की गई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 24 जून रात्री से 26 जून के बीच आंशिक बादल छाने, तेज हवा चलने गरज के साथ बूंदाबांदी, हल्की बारिश होने के संभावना है। इसके बाद मौसम साफ व खुश्क रहेगा। शनिवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा कम चलने से गर्मी अधिक महसूस की गई। दिनभर तपिश रही। पसीना सूखने का नाम ही नहीं ले रहा था। अधिक गर्मी होने के कारण बाजारों में सन्नाटा रहा। लोगों ने घरों में रहना ही अच्छा समझा। जरूरी काम से लोग घरों से निकले। हाइवे पर भी दोपहर में कम वाहन चले। तापमान औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
पिछले कई दिनों से लोग गर्मी से जूझ रहे हैं। 25 जून को शादी विवाह अधिक है। 24 जून रात्री से मौसम खराब होने से शादी विवाह करने वालों की परेशानी बढ़ गई है। आद्रर्ता अधिकतम 73 फीसद न्यूनतम 45 फीसद रही। 4.7 किलोमीटर की दर से हवा चली।
हरियाणा कृषि मौसम वेधशाला ने प्रदेश में 24 जून रात्री से 26 जून तक कहीं-कहीं गरज के साथ बूंदाबांदी, हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।