चौटाला ने अब दूसरे दलों की तरफ फेंका गठबंधन का पासा
जेबीटी टीचर भर्ती में सजायाफ्ता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ने गठबंधन का पासा फेंका है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : जेबीटी टीचर भर्ती में सजायाफ्ता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने बसपा के साथ गठबंधन करने के बाद अब दूसरे दलों की तरफ गठबंधन में शामिल होने का पासा फेंका है। उन्होंने साफ कहा कि इनेलो-बसपा गठबंधन, दूसरे दलों के लिए आगे आने का संदेश है।
चौटाला शनिवार को ग्रामीण हलके की बेरी वाली मस्जिद में दावत-ए-इफ्तार के बाद समुदाय और पार्टी के लोगों को संबोधित कर रहे थे। चौटाला ने अपने भाषण के शुरू में कहा कि मैं एक कैदी हूं। मुझ पर सरकारी तौर पर नजर रखी जा रही है लेकिन मैं सरकार पर आंच आने जैसा कोई काम नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि मोबाइल में मेरा फोटो आ जाए, कोई दिक्कत नहीं। अगर मेरे साथ दूसरे लोग फोटो में आ गए तो उनको भी साथ में जेल जाना पड़ेगा। उनकी इस बात पर कार्यकर्ताओं ने साथ जेल जाने का समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि वे 150 देशों में जा चुके हैं लेकिन त्योहार मनाने का भारत जैसा तरीका कहीं पर भी नहीं है। प्रदेश और देश के भाइचारे की विदेशों में भी मिसाल दी जा रही है लेकिन प्रदेश और केंद्र की सरकार को लोगों का भाईचारा सहन नहीं हो रहा। पहले कोठी और बंगलों में रोजा इफ्तार पार्टी होती थी। पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल रोजा इफ्तारी को आम जनता के बीच खुले मैदान में लेकर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबसे बड़ा घोषणा पत्र छापा लेकिन आज तक किया कुछ नहीं। चंद औद्योगिक घरानों के पास देश को गिरवी रख दिया गया है। सरकार चारों तरफ लूट मचा रही है। जनता को ऐसी सरकार को सबक सिखाने के लिए एकजुट होने की जरूरत है।
----------
हुड्डा ने इफ्तार पार्टियों ने ही बोला हमला
पूर्व सीएम ओपी चौटाला ने कहा कि दस साल कांग्रेस और अब चार साल भाजपा की सरकार रही। किसी ने भी इफ्तार पार्टी नहीं की। हुड्डा ने उनकी देखादेखी इफ्तार पार्टी शुरू की। उसमें भी घोटाला कर दिया। पूर्व सीएम ने सरकारी खर्च से इफ्तार पार्टी दी। एक पार्टी पर 10 लाख रुपये खर्च किए लेकिन सरकारी खजाने से 30 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने कहा कि जनता सत्ता परिवर्तन करना चाहती है। वे इनेलो को मजबूत बनाकर चलें।
ये रहे मौजूद : इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी माटा, सुरेश मित्तल, फूलवति, जिलाध्यक्ष सुरेश काला, ग्रामीण हलका अध्यक्ष कुलदीप राठी, युवा नेता देवेंद्र कादियान, अल्संख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष अमरीश खान, पूर्व प्रधान बुब्बा खान, इसराना हलका प्रधान कुलदीप उरलाना, ग्रामीण अध्यक्ष ताहिर खान, बलवान वाल्मीकि, निशान मलिक, सुबेदार प्रताप ¨सह, संजय कादियान, शेर ¨सह खर्ब, सुरेश मलिक, राजू नांदल और जिला पार्षद दयानंद उरलाना मौजूद रहे।