घर में घुसकर हमला, गर्भवती को लात मारी, चार घायल
वार्ड-23 स्थित अर्जुन नगर में मंगलवार रात को काबड़ी के युवकों ने घर में घुसकर बोला हमला।
जागरण संवाददाता, पानीपत : वार्ड-23 स्थित अर्जुन नगर में मंगलवार रात को काबड़ी के युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। परिवार के लोगों को डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। एक गर्भवती के पेट पर लात भी मारी। इसमें महिला सहित चार लोग घायल हो गए। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। कॉलोनी ने लोगों ने पांच हमलावरों को कमरे में बंद कर दिया। इतना ही नहीं हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की।
आरोप है कि पुलिस ने हमलावरों को पकड़कर छोड़ दिया और पीड़ित पक्ष को ही धमकाया। वार्ड-23 की पार्षद शीला ने बताया कि 23 अप्रैल को अर्जुन नगर में बरात आई थी। बरातियों की गाड़ी गली के कीचड़ में फंस गई थी। इसको लेकर विवाद हो गया था। इसी गली सुशीला पानी की निकासी नहीं होने दे रही। इस पर उसका पड़ोसी पंजाब ¨सह और अन्य के साथ झगड़ा हो गया था। सुशीला ने 24 अप्रैल को थाना मॉडल टाउन में शिकायत दी थी। दोनों पक्षों ने पुलिस से समझौते के लिए दो दिन का समय मांगा था।
रात को पंजाब ¨सह के फोन पर एक युवक ने कॉल कर कहा कि वह काबड़ी से बोल रहा है। उसने उसकी मामी सुशीला के साथ मारपीट की क्यों की? वह सबक सिखाएगा। पंजाब ¨सह ने पड़ोसी इकट्ठा कर लिए। इसके कुछ देर बाद सुशीला के बेटे घोलू के बुलावे पर पांच बाइकों पर करीब 20 युवक डंडे लेकर कॉलोनी पहुंचे और मारपीट की। पड़ोस की सात माह की गभर्वती शिवानी के पेट में लात मारी। इसके अलावा पंजाब, सुरेश व जोगेंद्र को भी घायल कर दिया। लोगों ने पांच हमलावरों को पकड़ लिया और उनकी बाइक खड़ी कर ली। युवकों को एक कमरे में बंद कर दिया।
शीला ने थाना मॉडल टाउन प्रभारी को सूचना दी। 45 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हमलावर युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की। कमरे का टीवी और अन्य सामान तोड़ दिया। पुलिस युवकों को थाने ले गई। घायल पंजाब ¨सह और अन्य ने सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराकर थाना मॉडल टाउन पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उन्हें ही डांट दिया और आरोपित युवकों को छोड़ दिया। घायल शिवानी को बुधवार सुबह सामान्य अस्पताल में ले जाया गया। अल्ट्रासाउंड न होने से उसे वापस लौटा दिया। इसके बाद पार्षद शीला, पंजाब ¨सह व अन्य कई लोगों ने एएसपी चंद्रमोहन को शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। शीला ने आरोप लगाया कि एक एएसआइ ने एसपी कार्यालय के बाहर पंजाब व अन्य पीड़ितों को डांटा।
थाना मॉडल टाउन के कार्यकारी प्रभारी एसआइ जसवीर ने बताया कि पंजाब व अन्य लोगों को डांटा नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।