विद्यार्थियों को दूतावास की जिम्मेदारियां और कार्यप्रणाली की दी जानकारी
दयाल सिंह पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को भारतीय विदेश सेवा के क्षेत्र में करियर जागरूकता के लिए कार्यशाला कराई गई।
जासं, पानीपत : दयाल सिंह पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को भारतीय विदेश सेवा के क्षेत्र में करियर जागरूकता के लिए कार्यशाला कराई गई।
इसकी अध्यक्षता पूर्व इंडियन एंबेसडर अनिल वाधवा व दीपा गोपालन वाधवा रही। कार्यशाला में नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय के चेयरमैन वाइस एडमिरल (रिटायर्ड) सतीश सोनी, प्रिसिपल विनीता कुमार तोमर व मुख्य अध्यापिका डॉ. नीलम वत्स ने उनका स्वागत किया।
अनिल वाधवा ने विद्यार्थियों को भारतीय दूतावास की जिम्मेदारियों व कार्य निर्वहन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा व लक्ष्य निर्धारण कर आगे बढ़ना चाहिए।
दीपा गोपालन वाधवा ने कहा कि व्यक्ति को ऊंचा उड़ने के सपने देखने चाहिए। यही सपने मंजिलों पर पहुंचाते हैं।
विद्यार्थियों ने भारतीय राजदूत से संबंधित प्रश्नों के उत्तर जानकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया।