देश का पहला बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ चौक, अमीषा पटेल एेेसे लाएंगी बदलाव
अंबाला में हो रही बड़ी पहल। 25 अक्टूबर को पहली बार होगी वॉक फॉर हर। विधायक के अतिरिक्त बालीवुड अभिनेत्री भी होगी शामिल। इसी दिन किया जाएगा 12 करोड़ के महिला कॉलेज का शिलान्यास।
जेएनएन, पानीपत - बेटियों के लिए एक बड़ी पहल की गई है। नारों, रैली और कैंपेन से आगे निकलते हुए इस जिले ने एक नई मिसाल कायम करते हुए बेटियों का एक चौक ही बना दिया है। देश में पहली बार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ चौक का उद्घाटन होने जा रहा है। उद्घाटन करने आ रही हैं फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल। अमीषा का एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें वह इस चौक का अनावरण करने का निमंत्रण स्वीकार करते हुए शुभकामना भी दे रही हैं। इसी के साथ यहां नारी सशक्तीकरण के लिए एक और पहल हो रही है। ये बदलाव हो रहा है 25 अक्टूबर को अंबाला शहर में। पढि़ए क्या होने जा रहा है।
पहली बार अंबाला में ऐसा कार्यक्रम होगा, जिसमें बेटियों के लिए बेटियां ही शहर की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। समाज के किसी भी वर्ग की बेटी, बहू, मां या सास इस दौड़ में शामिल होकर न केवल महिला सशक्तीकरण की आवाज बुलंद करेंगी बल्कि बेटियों को आगे आने के लिए भी प्रेरित करेंगी।
दो हजार बेटियां लगाएंगी दौड़
एक साथ शहर की सड़कों पर करीब दो हजार महिलाएं, बेटियां दौड़ती नजर आएंगी। पुलिस लाइन ग्राउंड से होकर जगाधरी गेट से होती हुई यह दौड़ पुराने सिविल अस्पताल से होकर वापस ग्राउंड में लौटेगी। दरअसल 25 अक्टूबर को विधायक असीम गोयल और मेरा आसमां संस्था की ओर से वॉकथोन, वॉक फॉर हर का आयोजन किया जाएगा। विधायक ने इस कार्यक्रम से भाजपा के झंडे को दूर रखने का निर्णय लिया है ताकि समाज का हर वर्ग इसमें शामिल हो सके। क्योंकि बेटियां केवल भाजपा ही नहीं, हर पार्टी और वर्ग की भी हैं। ऐसे में राजनीतिक भेदभाव से दूर होकर सभी इसका हिस्सा बन सकें इसीलिए पहली बार ऐसा प्रयोग किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बालीवुड की अभिनेत्री अमीषा पटेल को भी आमंत्रित किया है।
इसी दिन 12 करोड़ रुपये के महिला कालेज का होगा शिलान्यास
इसी दिन विधायक असीम शहर के पहले राजकीय महिला कॉलेज का शिलान्यास भी करेंगे। हालांकि शहर में कई साल से सरकारी महिला काॅलेज चल रहा है लेकिन वह राजकीय कन्या स्कूल के उधार के चार कमरों में चल रहा है। अब राजीव गांधी खेल स्टेडियम के ठीक सामने करीब 12 करोड़ की लागत से महिला कालेज बनाया जाएगा। इसी का शिलान्यास 25 अक्टूबर को शाम चार बजे होगा।
पार्टी लाइन से ऊपर उठकर कार्यक्रम - असीम गोयल
विधायक असीम गोयल ने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी अपनाओ अभियान के तहत वॉकथोन के तहत वॉक फार हर कार्यक्रम होगा। बेटियां केवल भाजपा की ही नहीं बल्कि सभी की हैं। इसीलिए इसे पार्टी विशेष का कार्यक्रम न रखकर सभी वर्गों का कार्यक्रम रखा गया है ताकि हर वर्ग इससे जुड़ सकें।