इस्तीफा नहीं दूंगा, भाजपा भले ही निकाल दे : राजकुमार
पिपली में कुरुक्षेत्र के सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संरक्षक राजकुमार सैनी ने कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगे, भाजपा चाहे तो उन्हें पार्टी से निकाल दे।
संवाद सहयोगी, पिपली (कुरुक्षेत्र) : भाजपा सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संरक्षक राजकुमार सैनी ने कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगे, भाजपा हाई कमान भले ही उन्हें पार्टी से निकाल दे। उन्हें कुरुक्षेत्र की जनता ने सांसद बनाया है, न कि भाजपा ने। वह बृहस्पतिवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे कुरुक्षेत्र के लोगों की आवाज को देश की सबसे बड़ी पंचायत में उठाने में पीछे नहीं रहे।
सांसद सैनी ने कहा कि राजा अब पेट से नहीं पेटी से निकलेंगे। वे प्रजातंत्र का गला घोंटने वालों की दुकानदारी बंद कराने के लिए ही मैदान में उतरे हैं। 2 सितंबर को पानीपत के हुडा ग्राउंड में लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के स्थापना दिवस पर वे अपनी नई पार्टी के एजेंडे और नीतियों को लोगों के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पांच मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी पिछड़े वर्ग को सरकारी सेवाओं में 12 फीसद की हिस्सेदारी भी नहीं दे सकी, उससे 27 फीसद हिस्सेदारी की अपेक्षा मिथ्या है। विशेष जाति के लोगों के कारण प्रदेश कई बार जला, लेकिन सरकार उन पर नकेल कसने में असहाय रही है। उन्होंने कहा कि वे अपने बूते पर प्रदेश की सभी विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। इस मौके पर सांसद के राजनीतिक मीडिया सलाहकार एनडी गुप्ता और सांसद के सचिव पुरुषोत्तम मुकरपुर भी मौजूद रहे।