नशे में धुत होकर सोता रहा पति, आंख खुली तो फंदे पर तड़प रही थी पत्नी Panipat News
घरेलू कलेश के चलते महिला फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
पानीपत, जेएनएन। पति की नशे की आदत और घरेलू झगड़े की वजह से एक महिला की जान चली गई। बतरा कॉलोनी की एक महिला ने दोपहर के समय गृहक्लेश से तंग आकर फंदा लगाने का प्रयास किया। पति ने पत्नी को उपचार के लिए असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
बतरा कॉलोनी निवासी संगीता (32) ने बुधवार को स्लैब की खूंटी से फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। नशे में धुत पति हंसराम की आंख खुली तो उसने पत्नी को फंदे पर तड़पते देखा। उसे फंदे से उतारकर पड़ोसियों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बृहस्पतिवार दोपहर को संगीता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के भाई संतोष ने बताया कि उसकी बहन और जीजा लगभग चार माह पहले ही कन्नौज से पानीपत रहने के लिए आए थे। उनकी एक आठ साल की दिव्यांग बेटी और दो बेटे भी हैं। जांच अधिकारी एएसआइ तस्वीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी की मौत होते ही अस्पताल से भागा पति
मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि संगीता की मौत होते ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गए। उन्होंने खुद महिला का शव अस्पताल से लिया। लोगों ने मामला शांत कराया तो पति पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल पहुंचा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप