पत्नी से परेशान पति ने उठाया खतरनाक कदम, नहर में कूद दे दी जान
ठेकेदार कुलदीप नगर के मकान में रहता था। पहले पत्नी ने महिला थाना में पति दो देवरों व सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ान की शिकायत दी थी। इसी से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
पानीपत, जेएनएन। पत्नी से परेशान ठेकेदार ने गढ़ी सिकंदरपुर के पास दिल्ली पैरलल नहर में छलांग लदा दी। तीन दिन बाद ठेकेदार का शव खुबडू झाल के पास मिला। मृतक के चाचा के बयान पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
हिसार के शेखपुरा गांव के सतबीर ने बताया कि उसके स्वर्गीय बड़े भाई रामपाल के तीन बेटों में से 35 वर्षीय वीरेंद्र सबसे बड़ा था। घरों में वाल पुट्टी करने का ठेकेदार था। करीब दस साल पहले वीरेंद्र की शादी गढ़ी सिकंदरपुर में सुमन के साथ हुई थी। इनके दो बेटे हैं। सुमन अक्सर वीरेंद्र के साथ झगड़ा करती थी। फरवरी 2020 में सुमन ने पति वीरेंद्र, देवर रवि, प्रदीप और सास संतो के खिलाफ महिला थाने में मारपीट व दहेज प्रताडऩा की शिकायत दी थी। इस बारे में महिला थाने में पंचायत हुई। सुमन ने कहा कि वह ससुराल नहीं जाएगी। पति को उसके साथ पानीपत में रहना पड़ेगा। इसके बाद वीरेंद्र अपनी पत्नी सुमन व छोटे बेटे के साथ पानीपत के कुलदीप नगर में रहने लगा। बड़ा बेटा हिसार में दादी के पास है। सुमन ने थाने से केस वापस ले लिया था। इसके बाद सुमन हर रोज वीरेंद्र के साथ झगड़ा करने लगी। कई बार पंचायत हुई, लेकिन सुमन नहीं मानी।
पांच दिन पहले वीरेंद्र ने छोटे भाई रवि को कॉल कर कहा था कि सुमन रुपयों के लिए तंग कर रही है। गांव आए तो भाभी को रुपये मत देना। सात जुलाई को सुबह वीरेंद्र ने गढ़ी सिकंदरपुर के पास नहर में छलांग लगा दी। 10:45 बजे सुमन ने कॉल कर रवि को सूचना दी। वे नहर में वीरेंद्र की तलाश कर रहे थे। वीरवार सुबह खूबडू झाल के पास वीरेंद्र का शव मिला। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव को स्वजनों को सौंप दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सुमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।