पत्नी मायके चली गई, बुलाने पर भी नहीं आई, पति ने दे दी जान
कुरुक्षेत्र में पत्नी के मायके चले जाने से परेशान पति ने आत्महत्या कर ली। पति ने घर में फंदा लगाकार जान दे दी। पति और पत्नी के बीच कई बार मनमुटाव हुआ। इसके बाद पंचायत भी हुई लेकिन वह नहीं मानी।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र के केयूके थाना पुलिस के अंतर्गत गांव बारवा में पत्नी के मायके में रहने से परेशान युवक ने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब उसके स्वजनों ने कमरे में जा कर देखा तो वह फंदे से झूल रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इसमें 174 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक गांव बारवा निवासी विक्रम सिंह मेहनत मजदूरी करता था। रात को खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। सुबह वह कमरे से बाहर नहीं आया। स्वजनों को लगा कि वह अभी सो रहा है, लेकिन काफी समय होने भी जब वह बाहर नहीं आया तो उन्होंने कमरे में देखा तो विक्रम पंखे से रस्सी बांध कर लटका हुआ था। उन्होंने जांच की तो वह मृत मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी से था मनमुटाव
विक्रम के भाई ने बताया कि विक्रम की लगभग छह साल पहले शादी हुई थी। शादी से उसके पास पांच साल का एक बेटा है। विक्रम का अपनी पत्नी के साथ मनमुटाव चल रहा था। जिसके चलते चार साल पहले उसकी पत्नी मायके चली गई। उसे वापस लाने के लिए कई बार पंचायत लेकर भी गए, लेकिन वह आने को तैयार नहीं हुई। विक्रम इन सबके चलते मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। वह अब रात के समय किसी वाहन के गुजरने से भी डर जाता था। उसकी मानसिक स्थित दिनोंदिन बिगड़ती जा रही थी।
एमए, बीएड था विक्रम
विक्रम पढ़ाई में भी होशियार था। वह एमए-बीएड था। उसे सरकारी नौकरी नहीं मिली थी। वह अब मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार को पाल रहा था। पत्नी के मायके जाने के बाद वह गांव में ही मजदूरी करने लगा था। ज्योतिसर पुलिस चौकी के एसआइ कर्मबीर ने बताया कि पुलिस ने विक्रम का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया है। मामले में सीआरपीसी की धारा 174 की कार्रवाई की है।