खाना बना रही पत्नी पर पति ने किया कुल्हाड़ी से वार, अस्पताल में भर्ती, पति मौके से फरार
कुरुक्षेत्र में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे जान से मारने की कोशिश की। जब पत्नी खाना बना रही थी उस वक्त पति ने अचानक हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। पत्नी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र की सुभाष मंडी पुलिस चौकी के अंतर्गत गांव खेड़ी ब्राह्मणा में खाना बना रही पत्नी पर पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपित पति ने पत्नी पर चार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपित वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। दो दिन पहले भी आरोपित ने पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दी गई थी। इस मामले में आपस में समझौता हो गया था। गंभीर हालत में महिला को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
गंभीर रूप से घायल सरिता ने बताया कि वह सुबह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान शराब के नशे में उसका पति हरि सिंह आया और उसके साथ झगड़ा करने लगा। इसी दौरान तैश में आ कर उसने वहीं रखी कुल्हाड़ी उठा ली। आरोपित ने कुल्हाड़ी से उस पर वार किया, जिससे वह नीचे गिर गई। आरोपित उस पर वार करता था। उसके शोर मचाने पर उसके दोनों पुत्र व पड़ोसी वहां आ गए। उन्हें आता देख आरोपित वहां से फरार हो गया। गंभीर हालत में स्वजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
तीन दिन पहले भी दी थी पुलिस चौकी में शिकायत
सरिता ने बताया कि उसका पति अकसर उसके साथ मारपीट करता है। तीन दिन पहले भी उन्होंने पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। पुलिस ने उसके पति को पकड़ भी लिया था, मगर बाद में उसके पति ने माफी मांगी थी, जिस पर उसने शिकायत वापस ले ली थी। उसका पति ई-रिक्शा चलता है और जो भी कमाई होती है उससे शराब पी लेता है।
पुलिस ने किया आरोपित के खिलाफ केस दर्ज : चौकी प्रभारी
सुभाष मंडी पुलिस चौकी प्रभारी ईलम सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।