ये कैसा सात जन्मों का रिश्ता, दोस्त के साथ मिलकर पत्नी से किया दुष्कर्म
कुरुक्षेत्र में पत्नी ने पति और उसके दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। सात फेरे लेते समय पति ने सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाई थी। पति ने न सिर्फ पत्नी का विश्वास तोड़ा, बल्कि रिश्ते तार-तार कर दिए। पति और उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया। जब पति के माता पिता को आपबीती सुनाई तो उन्होंने उसे बेटा मानने से इन्कार कर दिया। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एक विवाहिता ने थाना केयूके में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी शादी कुछ समय पहले सुनील कुमार के साथ हुई थी। शिकायत में बताया कि उसने सुनील के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा था।
सात जून की रात को हुई वारदात
विवाहिता ने शिकायत में बताया कि उसका पति व उसके दोस्त सात जून की रात को घर पर आए। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और उसके बाद उसके पति व एक दोस्त ने उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में बताया कि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसके पति का दोस्त रात में ही घर से चला गया।
आरोपितों की तलाश
घटना की जानकारी जब उसने अपने पति के मां-बाप को दी तो उन्होंने कहा कि हमारा अब अपने बेटे से कोई संबंध नहीं है। महिला की शिकायत पर थाना केयूके पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआइ सुमन देवी को सौंपी है। एएसआइ सुमन देवी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश आरंभ कर दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप