आंधी, आग और बारिश, हरियाणा के कई जिलों में इस तरह मचा हाहाकार
आंधी आग और बारिश से हरियाणा के कई जिलों में नुकसान हुआ। वहीं आग की वजह से लोग झुलसते बचे। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस संकट से जूझते किसानों को देखा।
पानीपत, जेएनएन। धूल भरी आंधी और खेतों में लगी आग ने हाहाकार मचा दिया। जींद, करनाल, कैथल, पानीपत में कई स्थानों पर आग लग गई। जींद के लोहचब गांव में खेतों में लगी आग गांव में घुस गई। वहां से गुजर रही जजपा नेता बलवान वाल्मीकि की गाड़ी आग की चपेट में आने से जल गई। बलवान वाल्मीकि और अन्य ने किसी तरह जान बचाई।
करनाल के निगदू क्षेत्र के दर्जनों गांवों के खेतों में करीब 80 स्थानों पर आग लग गई। इसमें 150 के करीब कूप और एक बाइक जल गई। आंधी के कारण आग बेकाबू हो गई। ग्रामीणों ने जागकर रात काटनी पड़ी। कैथल के रोहेडिय़ा गांव में आग से व्यापक नुकसान हुआ है।
उधर, आंधी के बाद हिसार में शाम 6 बजे तक 3.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। भिवानी में जोरदार बारिश हुई, जबकि तोशाम में ओले भी गिरे। जबकि पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, जींद और रोहतक में भी बूंदाबांदी हुई। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ के अनुसार प्रदेश में 15 मई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा, लेकिन 11 से 14 मई तक बीच-बीच में बादल छाने की संभावना है।
सीएम ने रुककर देखा आग का तांडव
नरवाना से चंडीगढ़ जाते समय मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आगजनी की घटनाओं को निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह रुके और किसानों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आग पर काबू पाने के निर्देश दिए। कहा कि आदर्श आचार संहिता लगी हुई है, इसके बाद गिरादवरी करवाते हुए नुकसान का आंकलन किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप