पानीपत में रिश्वकांड में होमगार्ड गिरफ्तार, ड्यूटी में लापरवाही पर महिला एएसआई सस्पेंड
पासपोर्ट की वेरीफिकेशन के लिए 1100 रुपये रिश्वत लेने का आरोपित होमगार्ड गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं डयूटी में लापरवाही बरतने पर महिला एएसआइ सस्पेंड कर दिया गया है। परढ़ाना के दो युवकों से इसराना थाने में तैनात होमगार्ड सुनील ने ली थी रिश्वत।
पानीपत, जागरण संवाददाता। हरियाणा के पानीपत में रिश्वत कांड सामने आया है। इसमें एक होमगार्ड को गिरफ्तार किया गया और महिला एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया। पासपोर्ट वेरीफिकेशन के नाम पर परढ़ाना गांव के दो युवकों से 1100 रुपये की रिश्वत लेने के आरोपित होमगार्ड सुनील को इसराना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित इसी में तैनात था। होमगार्ड को बर्खास्त कर दिया है। पुलिस आरोपित सुनील को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी। वहीं एसपी ने महिला लापरवाही करने पर एएसआइ रानी को सस्पेंड कर दिया है।
जिला पुलिस के काम की निगरानी करने के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गई हैं। जो कि महकमे की गतिविधियों पर नजर रखी हैं। यह टीमें थाना क्षेत्र में भी बनाई हुई हैं। टीम को पता चला कि पासपोर्ट वेरीफिकेशन के लिए होमगार्ड ने दो युवकों से रिश्वत ली है। ये वेरीफिकेशन 16 सितंबर को इसराना थाने से हुई है। इसके बाद उक्त टीम ने परढ़ाना गांव के सचिन और सुमित से संपर्क साधा।
उन्होंने बताया कि उनके पास इसराना थाना का होमगार्ड सुनील आया था, जिसने पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर 1100 रुपए की रिश्वत ली। होमगार्ड के अलावा उनके पास और कोई पुलिसकर्मी नहीं आया है। उनके पास एक महिला एएसआइ रानी का फोन भी आया था। पुलिस विभाग की ओर से
उक्त मामले में पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए एएसआइ रानी को अधिकृत किया गया था। आरोप है कि एएसआइ मौके पर खुद नहीं गई। उसने होमगार्ड को भेज दिया। इस तरह से उसने ड्यूटी में लापरवाही बरती है। टीम ने मामला एसपी के संज्ञान में डाला।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज करके आरोपित होमगार्ड सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। ड्यूटी में लापरवाही करने पर एएसआइ रानी को सस्पेंड किया गया है। विभागीय जांच भी का जा रही है।