हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने कहा, संस्कृति के विस्तार में कलाकार अहम किरदार Panipat News
पाइट कॉलेज में मैस्ट्रोस 2020 में हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने डांस से युवाओं में जोश भरा। उन्होंने युवाओं को मॉडलिंग और बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा आजमाने को कहा।
पानीपत, जेएनएन। किसी प्रदेश की संस्कृति को वहां के कलाकार ही आगे बढ़ा सकते हैं। प्रदेश के युवा चाहे तो बॉलीवुड में हरियाणवी संस्कृति की चमक दिखेगी। अब तो नई पीढ़ी आगे आए, मेरी तो उम्र भी ढलने लगी है। ये कहना है हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी का। बिग बॉस की कंटेस्टेंट और हरियाणा की कलाकार सपना चौधरी पाइट कॉलेज में मैस्ट्रोस 2020 में अपनी प्रस्तुति देने पहुंची।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं का जोश देखते हुए सपना चौधरी ने कहा कि हरियाणा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हरियाणा की संस्कृति में जीवंतता है। चार साल में बॉलीवुड में हरियाणा संस्कृति का दौर होगा। हमारे प्रदेश के संस्थान ही हमारी संस्कृति और कलाकारों को प्रोत्साहित नहीं करते। उन्होंने कहा, पहले इसी संस्थान में कार्यक्रम में बड़े-बड़े बॉलीवुड के कलाकार आए, लेकिन कभी हरियाणा के कलाकारों को नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि पहली बार आईं हूं। हरियाणा के कलाकारों को भी मौका देना चाहिए।
हरियाणा के युवाओं के लिए बेहतर अवसर
सपना ने कहा, हरियाणा के युवा युवती को बॉलीवुड में आगे आना चाहिए। यहां के युवा कलाकार के हिसाब से बिल्कुल फिट हैं। उनका रंग रूप, आकार काफी बेहतर है। करियर की भी बेहतर संभावनाएं हैं।
नई पीढ़ी को देख अब तो आंटी जैसी फीलिंग आती
सपना चौधरी ने कहा, कलाकार बनकर हरियाणा के युवा अपनी संस्कृति का विस्तार कर सकते हैं। नई पीढ़ी ही अपनी संस्कृति के विस्तार के लिए अहम किरदार निभा सकते हैं। अब तो नई पीढ़ी को आगे आना चाहिए, क्योकि मेरी उम्र भी होने लगी है। वहीं उन्होंने कहा, नई प्रतिभा को देखकर अब तो आंटी जैसी फीलिंग आने लगी है। चार साल में बॉलीवुड में हरियाणा संस्कृति का दौर दिखेगा।
दो गानों की थी प्रस्तुति चार कर गईं
सपना चौधरी ने दो गानों पर प्रस्तुति दी। वहीं दर्शकों का जोश देखते हुए उन्होंने दो अन्य गानों पर जलवा दिखाया।