Haryana Panipat Weather Update: नौतपा के ठंडे पड़े तेवर, बरसे बादल, 31 मई तक बारिश
नौतपा में झुलसा रही गर्मी से राहत मिल गई है। बारिश और आंधी से तापमान में गिरावट आई। वहीं आंधी की वजह से एक की मौत भी हो गई।
पानीपत, जेएनएन। पिछले चार दिनों से नौतपा में भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिल गई। बादल से नौतपा के तेवर ठंडे पड़ गए। गुरुवार रात को तेज बारिश के बाद शुक्रवार शाम को भी बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहा। इससे मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया और ठंडी हवाओं ने लोगों को अलग ही सुकून का एहसास कराया। वहीं मौसम विभाग की मानें तो 31 मई तक बारिश होगी।
शुक्रवार को दोपहर बाद से ही बादल छाये रहे ओर तेज हवा भी चली। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। वहीं गुरुवार रात करीब पौने नौ बजे बरसे बादलों ने तेज गर्मी से राहत का एहसास कराया। मौसम विभाग की मानें तो 29 से 31 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा के साथ बरसात हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर
जम्मू-कश्मीर के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा पंजाब व चंडीगढ़ क्षेत्र में बरसात की गतिविधियां बन रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खड़ी से आ रही नमी भी बरसात की गतिविधियों को स्पोट कर रही हैं।
33 डिग्री पहुंचा तापमान
मौसम विभाग ने पहले ही 28 मई को बूंदाबांदी तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की थी। दिन भर लू तो नहीं चली। हालांकि शाम आंधी चलने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। एक घंटे तक शहर में ब्लैक आउट की स्थित रही। वहीं तापमान 33 डिग्री रहा। मौसम में बदलाव से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। बृहस्पतिवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 286 दर्ज किया गया, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। दो दिन पहले प्रदूषण स्तर 161 दर्ज किया गया था। उद्योगों व वाहनों के चलने के कारण भी प्रदूषण अधिक हो रहा है। उद्योगों की चिमनियां अब काला धुआं फेंकने लगी हैं।
समालखा में आंधी के साथ बारिश, लोगों को राहत
शाम सात बजे के करीब बारिश शुरू होने से लोगों को तीन दिनों की तेज धूप और लू से राहत मिली। अनाज मंडी में खुले में रखे गेहूं के हजारों कट्टे भीग गए। आंधी के कारण गेहूं के कट्टों को तिरपाल से ढकने में देर हो गई। करीब 20 मिनट बाद बारिश बंद हो गई। तेज हवा के साथ बिजली कड़क रही थी। मौसम के बिगड़ते मिजाज से सड़कों पर सन्नाटा छा गया। जेई कुलदीप सिंह ने बताया कि अभीतक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
यमुनानगर में आंधी में पेड़ गिरने से बाइक सवार की मौत
आंधी से पेड़ बाइक सवार पर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया। फकीरमाजरा निवासी रमेश चंद बधुवार देर रात बाइक पर अपने दोस्त महेंद्र सिंह को मारवा गांव में छोड़ने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में तेज तूफान के कीकर का पेड़ उसपर गिर गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उनको पीएचसी बिलासपुर पर पहुंचाया। रमेश चंद की हालत गंभीर देख उसे सिविल अस्पताल जगाधरी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी मारवाकलां निवासी म¨हद्र को गंभीर हालत में यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, तेज तूफान के कारण हरतोल गांव में एक मकान की छत ढह जाने से कमरे में सो रहे दंपती व उनके दो बच्चे बाल बाल बच गए। हादसा रात करीब आठ बजे के आसपा हुआ।