हरियाणा की मंडियों में 8 लाख टन धान, बारिश से कई जगहों पर भीगा चावल; किसानों की बढ़ी टेंशन तो क्या बोले कृषि मंत्री?
हरियाणा में भारी बारिश से मंडियों में पड़ा आठ लाख क्विंटल धान भीगने का खतरा है, जिससे किसानों की चिंता ...और पढ़ें
HighLights
हरियाणा में बारिश से 8 लाख क्विंटल धान भीगने का खतरा
धीमी खरीद और उठान के खिलाफ किसानों का जोरदार प्रदर्शन
कृषि मंत्री ने मंडियों में जल्द उठान का निर्देश दिया
जागरण टीम, पानीपत। हरियाणा के कई हिस्सों में गुरुवार को जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई जिलों में तेज वर्षा और ओले गिरने की संभावना जताई है। यदि ऐसा हुआ तो मंडियों में पड़ा आठ लाख क्विंटल धान फिर भीगेगा। गुरुवार को हुई बारिश से किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है।
धान की खरीद और उठान में तेजी नहीं लाने पर किसानों ने बुधवार को जींद, यमुनानगर, करनाल और कैथल में मार्केट कमेटी कार्यालयों पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। कुरुक्षेत्र के लाडवा और अंबाला में प्रदर्शन किया। कुरुक्षेत्र के पिहोवा में 30 सितंबर को खरीदे गए धान का 14 अक्टूबर तक उठान नहीं होने पर नाराज किसान धान से भरी बोरियां लेकर मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंच गए। दूसरी ओर, राइस मिलरों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कट लगाकर खरीदे गए धान का उठान तुरंत किया जा रहा है।
नौ जिलों में फिर वर्षा का अलर्ट हिसार
प्रदेश में फिर से मौसम में बदलाव हो रहा है। कुछ दिन तक प्रदेश के नौ जिलों में तेज वर्षा का आरेंज तो नौ जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। इसके साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत व रोहतक में ओरेंज और जींद, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में येलो अलर्ट जारी किया है।
तेज हवा और बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ कटाई के बाद खेतों में पड़ी फसल और मंडियों में धान भी भीगेगा। तेज हवा और बारिश से फसल गिरेगी। इससे गुणवत्ता प्रभावित होगी।
कुरुक्षेत्र में कट्टों में लाए धान का नहीं कटेगा गेट पास
मंडी में जगह न मिलने पर अब सड़कों पर धान बढ़ता जा रहा है। ब्रह्मसरोवर की पार्किंग भी धान से भरने के बाद ब्रह्मसरोवर की ओर जाने वाले केडीबी रोड और ब्रह्मसरोवर के चारों ओर सड़कों पर भी धान बढ़ता जा रहा है। पिछली बारिश में भीगने से धान बदरंग होने लगा है। कट्टों में भरकर लाए गए धान के गेटपास बंद कर दिए हैं।
एक-एक दाना खरीदेंगे: राणा
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को सफीदों, पानीपत, इसराना, समालखा, बापौली, मतलौडा और बाबरपुर मंडियों का दौरा किया। इस दौरान पानीपत की अनाज मंडी में आढ़तियों ने मंत्री से मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन और एसडीओ कार्य नहीं करा रहे हैं। मंडियों में समस्याएं हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि बताओ दोनों को सस्पेंड कर दिया जाए। 24 घंटे में उठान के निर्देश दिए। उन्होंने एक-एक दाना खरीदने की बात कही।
जानिये, कहां क्या हुआ
करनाल में संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा और किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने अनाज मंडी में तीन घंटे तक मार्केट कमेटी के कार्यालय पर ताला जड़कर घेराव किया गया। अधिकारी न तो बाहर आ सके और न ही जा सके। यही हाल यमुनानगर में भी रहा।
भाकियू ने निर्णय लिया कि 17 अक्टूबर को पूरे हरियाणा में भाजपा जिला कार्यालयों के बाहर पुतले फूंके जाएंगे। जींद में ताला लगा दिया। एजेंसी को फड़ पर ले जाकर पीआर धान की खरीद कराई। कैथल और कलायत में तालाबंदी की गई, जबकि गुहला चीका में प्रदर्शन किया गया। करनाल में सात-आठ दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं। किसान बीमार हो रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे मंडी का एक गेट बंद कर रोष प्रदर्शन किया।
