हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर की मौत, ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ सड़क हादसा
हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर और पूर्व डीआईजी के बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे ड्यूटी से लौट रहे थे।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर गांव बिलोचपुरा के समीप तीव्र मोड़ ने इंस्पेक्टर अजय मोर की जिंदगी लील ली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यहां बेहद तीव्र मोड़ है, जिस कारण सामने से आते अज्ञात वाहन को बचाते हुए निरीक्षक अजय मोर की गाड़ी सड़क किनारे खदानों में जा गिरी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में चोट लगना बताया जा रहा है, जबकि कार के एयरबैग भी खुल गए थे। पुलिस ने निरीक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया। सायं उनका सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया। इंस्पेक्टर अजय मोर जिला पुलिस में तैनात थे। वे अंबाला एसटीएफ में डेपूटेशन पर गए हुए थे।
19 अप्रैल को सभी जिलों के पुलिस कर्मियों को उनके जिलों में भेज दिया गया था। जिसके चलते निरीक्षक अजय मोर की भी कुरुक्षेत्र में वापसी हो गई थी। उन्हें कुरुक्षेत्र-पंजाब सीमा के नाकों पर चेकिंग के लिए लगाया गया था। बुधवार रात साढ़े सात बजे निरीक्षक ने नाकों की जांच करने के उपरांत अपने घर के लिए निकले थे। कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर गांव बिलोचपुरा के समीप सामने से कोई वाहन आ गया। तीव्र मोड़ पर उनकी गाड़ी दूसरे वाहन को बचाते हुए सड़क किनारे खदानों में जा गिरी। वहां से गुजरने वाले लोगों ने इसकी सूचना थाना पिहोवा पुलिस को दी।
तेज-तरार निरीक्षकों में था अजय मोर का नाम
निरीक्षक अजय मोर का नाम तेज-तरार निरीक्षकों में आता था। जिला पुलिस में सीआइए में तैनाती के दौरान उन्होंने कई अपराधियों को पकड़ा था। उनके कर्तव्यनिष्ठ होने के चलते ही उन्हें एसटीएफ में तैनात किया गया था। थाना सदर में तैनाती के दौरान भी उन्होंने क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाया था।
बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया निरीक्षक अजय मोर अपने पीछे एक लड़का व एक लड़की छोड़ गए हैं। उनके सिर से पिता का साया उठ गया है। पोस्टमार्टम रूम पर पहुंचे परिजनों का कहना था कि अभी उनकी लंबी नौकरी थी। जिससे वह पुलिस के उच्च पद पर पहुंचते, मगर ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। निरीक्षक अजय मोर के पिता डीआइजी के पद से सेवानिवृत हुए थे। वे कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता रहे हैं। खेल कोटे से पुलिस की नौकरी में आए थे।
जिला पुलिस को लगा बड़ा झटका
एक ही दिन में पुलिस के दो अधिकारियों की मौत से जिला पुलिस को बड़ा झटका लगा है। एसपी आस्था मोदी ने कहा कि बुधवार का दिन जिला पुलिस के लिए दुखादायी रहा। जिले ने दो अधिकारियों को खो दिया है जिनकी भरपाई कर पाना संभव नहीं है। जिला पुलिस के निरीक्षक अजय मोर की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। निरीक्षक अजय मोर 21 दिसंबर 2004 में उपनिरीक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। 15 अक्टूबर 2018 से निरीक्षक के पद पर जिले में तैनात हुए। जिले में बतौर सुरक्षा शाखा प्रभारी, प्रबंधक थाना सदर तथा प्रभारी डिटेक्टिव स्टाफ भी रहे। वर्तमान में स्पेशल स्टाफ अंबाला में तैनात थे। अंबाला से लोकडाउन के संबंध में ड्यूटी के लिए अपने गृह जिला कुरुक्षेत्र में आए थे। वहीं थाना शहर में तैनात उपनिरीक्षक रमेश चंद का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उपनिरीक्षक रमेश चंद थाना शहर अनुसंधान अधिकारी तैनात थे। रमेश चंद वर्ष 1985 में पुलिस विभाग में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। काफी लंबे समय से जिले में नौकरी कर रहे थे।
इधर, एसआइ रमेश चंद की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत
थाना शहर में तैनात एसआइ रमेश चंद की ड्यूटी के दौरान हृदय गति रूकने से मौत हो गई। उनके निधन पर एसपी आस्था मोदी सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने शोक व्यक्त किया है। थाना शहर में तैनात एसआइ रमेश चंद थाने में ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह 11 बजे उसकी छाती में दर्द हुआ। जिस पर उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ देर बाद उनकी हालत में सुधार आया, मगर सायं चार बजे फिर से उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। एसआइ रमेश चंद हंसमुख व्यक्ति थे। उनके निधन पर एसपी आस्था मोदी, डीएसपी अजय कुमार, राजकुमार वालिया, सुरेंद्र मांजू, ममता सौदा सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।