Punjab CM पर विज ने साधा निशाना, बोले-कानून तोड़ने वालों को मुआवजा देना शर्मनाक
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा है। अनिल विज ने पंजाब सरकार की ओर से गणतंत्र दिवस पर हिंसा के आरोपितों को मुआवजा देना शर्मनाक है। इस फैसले को देशहित में नहीं है।
अंबाला, जेएनएन। किसान आंदोलन को लेकर पंजाब सरकार की ओर से मुआवजे की घोषणा पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने टिप्पणी की है। पंजाब सीएम के इस फैसले को विज ने शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि ये शर्मनाक है और देश हित में फैसला नहीं है। आंदोलन की आड़ में एजेंडा चल रहा है। किसान नेताओं ने एक साल से आंदोलनकारियों को सड़कों पर बैठाकर रखा है। ये किसान हितैषी नही हैं।
किसानों के नेतृत्व के बारे में सोचना चाहिए
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने ट्विट करते हुए कहा कि किसान अपने नेताओं से पूछें कि जिस मुद्दे को लेकर एक साल से घरों से लाकर सड़कों और धरनों पर बिठा रखा है, उस मुद्दे की प्रगति कितनी हुई। किसानों को नेतृत्व बदलने के बारे में और अपने वार्ताकार बदलने के बारे में सोचना चाहिए।
ये किसान हितैषी नहीं
विज ने कहा, किसानों का नेता कहने वाले लोग किसान हितैषी नहीं हैं। इनका एजेंडा कुछ और ही है। वहीं उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन का अभी तक हल न निकलना किसान नेतृत्व की नाकामयाबी है। सरकार बार-बार बातचीत के लिए बुला रही है। किसान एक साल से आंदोलन कर रहे हैं। अब किसान नेताओं से उन्हें पूछना चाहिए कि मुद्दे पर अब तक क्या प्रगति हुई। अब नए नेता और नए वार्ताकार चुनने का वक्त है।
लाल किला हिंसा पर दी ये प्रतिक्रिया
किसानों के प्रदर्शन पर कहा कि प्रदर्शन का अधिकार सबको है, लेकिन कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। पंजाब सरकार द्वारा लाल किला हिंसा के आरोपितों को आर्थिक सहायता देने के फैसले को विज ने शर्मनाक कदम बताया। कानून तोड़ने वालो को इनाम दिया जा रहा है। दरअसल, पंजाब सरकार ने गणतंत्र दिवस के दिन लाल किला हिंसा में गिरफ्तार 83 लोगों को मुआवजे की घोषणा की है। सरकार ने दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। इसके बाद से पंजाब और हरियाणा की राजनीति सरगर्मी तेज हो गई है।