एक्शन मोड में Haryana के गृहमंत्री विज, पानीपत शहर थाने में मारा छापा, महिला एएसआइ सस्पेंड
अंबाला छावनी से विधायक हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज पानीपत शहर थाना पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच की।
पानीपत, जेएनएन। अपनी कार्यशैली को दोहराते हुए एक बार फिर अंबाला छावनी के विधायक हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज एक्शन मोड में दिखे। अंबाला से दिल्ली जाते वक्त मंत्री अनिल विज पानीपत के शहर थाना पहुंचे। विज को देख पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वहीं महिला एएसआइ को सस्पेंड कर दिया।
दरअसल, हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज अंबाला से दिल्ली जा रहे थे। पानीपत से गुजरते समय शाम करीब पांच बजे विज पानीपत के शहर थाना पहुंच गए। विज को थाने में देखकर अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सभी विज के सामने पहुंचे। विज ने अधिकारियों से कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। साथ ही एफआइआर और केसों की जांच जल्द से जल्द करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जनता को किसी भी तरह से परेशानी नहीं होनी चाहिए। पीडि़तों को जल्द से जल्द इंसाफ मिले।
pic.twitter.com/HjI3tUBo71— Dainik Jagran Panipat, दैनिक जागरण पानीपत (@DainikPanipat) November 16, 2019
इसलिए किया सस्पेंड
महिला एएसआइ निर्मला और कंप्यूटर ऑपरेटर सुकेंद्र थाने से अनुपस्थित थे। वहीं उनकी गौरहाजिरी की कोई खास वजह भी सामने नहीं आई। हालांकि कुछ ही देर बाद सुकेंद्र को सस्पेंड करने का आदेश वापस ले लिया। जबकि महिला एएसआइ को सस्पेंड कर दिया। वहीं ये भी बताया जा रहा है कि किसी धोखाधड़ी केस के बारे में भी अधिकारियों से पूछताछ की।