हरियाणा में आज से बारिश के आसार, मंडियों में 35 लाख क्विंटन धान; किसानों को नुकसान का भय
हरियाणा की मंडियों में 35 लाख क्विंटल धान पड़ा है, जिसकी खरीद और उठान धीमी गति से हो रहा है, जिससे किसान चिंतित हैं।

हरियाणा में आज से बारिश की आशंका (जागरण फोटो)
HighLights
हरियाणा की मंडियों में 35 लाख क्विंटल धान पड़ा है
बारिश की आशंका से किसानों को फसल नुकसान का भय
कैथल में मिलर ने धान खरीद में धांधली की, जुर्माना लगा
जागरण टीम, पानीपत। प्रदेशभर की मंडियों में करीब 35 लाख क्विंटल धान पड़ा है। इसमें करीब 30 प्रतिशत की खरीद हो चुकी है, लेकिन उठान पांच प्रतिशत ही हो गया।
किसानों ने धीमी खरीद के विरोध में तीसरे दिन कई स्थानों पर प्रदर्शन किया। वहीं मंगलवार रात 11 बजे यमुनानगर में हुई बूंदाबांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग ने आज रात से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। यदि वर्षा हुई तो किसानों को नुकसान होना तय है। कैथल के गुहला चीका में मिलर ने मशीन में छेड़छाड़ कर 200 रुपये प्रति क्विंटल कम कीमत में किसानों का धान खरीद लिया।
जिस ढेरी में 17 प्रतिशत नमी थी, मीटर उसमें 22 से 23 प्रतिशत नमी दिखा रहा था। ऐसे में किसानों का पीआर धान कट लगाकर 200 से 300 प्रति क्विंटल कम में खरीदकर सीधा मिल में भेज दिया। किसानों ने हंगामा कर दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम मनीष कुमार ने अरनोली स्थित राइस मिल पर छापा मारा, जहां से 652 क्विंटल पीआर धान ज्यादा मिला। एसडीएम ने सील टूटी मशीन को जब्त कर लिया। मिल मालिक पर 80 हजार 300 रुपये का जुर्माना भरवाया गया है।
7.35 लाख टन धान की आवक
सरकार के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार तक प्रदेश की मंडियों में लगभग 7.35 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। अब तक 2.57 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। अब तक 27,497 मीट्रिक टन धान का उठान पूरा हो चुका है। पिछली बार प्रदेश में 1458 राइस मिलर्स द्वारा सीएमआर का कार्य किया गया था। इस वर्ष 4 अक्टूबर तक 1293 राइस मिलर्स ने पंजीकरण करवाया है।
डीसी के सामने किसानों ने खोली पोल
करनाल के निसिंग में किसानों ने डीसी डॉ. आनंद शर्मा को पीआर धान की 2060 रुपये में खरीदने की कच्ची पर्ची दिखाई। किसानों ने डीसी को बताया कि धान में नमी की मात्रा भी 17 प्रतिशत से कम है, लेकिन फिर भी 2060 रुपये में खरीदा जा रहा। सरकार की ओर से पीआर धान का रेट 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
किसानों ने किया प्रदर्शन
किसानों ने ढांड मंडी में प्रदर्शन किया। एसडीएम कैथल संजय कुमार ने पहुंचकर किसानों को शांत किया। उधर, मंगलवार शाम को अतिरिक्त अनाज मंडी में आवक बढ़ने पर मंडी एसोसिएशन गेट बंद करवा दिया। धान लेकर आए किसानों ने रोष जताना शुरू कर दिया।
अतिरिक्त अनाज मंडी में सड़क के बीच में धान डालकर रास्ता बाधित करने पर 10 आढ़तियों को नोटिस दिया गया है। इससे पहले भी 13 आढ़तियों को नोटिस दिया जा चुका। सफीदों और नरवाना में किसानों ने मंडियों के गेट पर ताले लगाए।
