हरियाणा शिक्षा मंत्री की बड़ी घोषणा, दो लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं को जल्द मिलेंगे टैब
हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने बड़ी घोषणा की है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि दो लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं को जल्द टैब मिलेगा। उन्होंने कहा विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करवा शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाना सरकार का उद्देश्य।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। हरियाणा के राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। अब जल्द ही 2 लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं को निशुल्क टैब वितरित किए जाएंगे। यह घोषणा हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने यमुनानगर में आयोजित एक कार्यक्रम में की।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में 116 राजकीय आदर्श माडल संस्कृति स्कूल खोले गए है और 10वीं कक्षा व 12वीं कक्षा के 5 लाख विद्यार्थियों को निशुल्क टैब दिए गए हैं। शीघ्र ही दो लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं को टैब किए जाएंगे। सरकार का मुख्य मकसद विद्यार्थियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवा शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाना है। इस अवसर पर कल्याण सिंह, सुलेख चंद, राजेश भारद्वाज, राम जतन डमौली उपस्थित थे।
सुपर-100 को सुपर 500 में बदलेंगे
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा सुपर 100 योजना शुरू की गई है। जिसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। अब इस योजना को सुपर-500 में बदला जाएगा ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक बच्चे प्रशिक्षण लेकर आइआइटी व अन्य कोर्सो की पढ़ाई कर जीवन में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि सरकार ने परिवार पहचान पत्र के माध्यम से ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार से कम है। उनको सीधे ऋण मेलों के माध्यम से लोन देकर व स्वयं रोजगार के धंधे शुृरू करवा कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का बीड़ा उठाया है।
573 आनलाइन योजनाओं से जनता को मिल रहा लाभ
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जा रही है और विकास कार्य पूर्ण करवाए जा रहे है। भाजपा सरकार ने पक्षपात समाप्त किया है और 573 ऐसी योजनाएं बनाई है जिसका लाभ लोगों को आनलाइन माध्यम से स्वयं मिलना शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेकों विकास कार्य पूर्ण करवाए जा रहे है। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल एवं पुलिया व अन्य कार्य पूरे किए जा रहे हैं।