हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा, पीएम फंड का हिसाब तो मांगेंगे
हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा पानीपत पहुंची। यहां उन्होंने कहा पीएम फंड का हिसाब तो मांगा ही जाएगा। उन्होंने कोरोना महामारी पर सरकार को घेरा।
पानीपत, जेएनएन। हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि कोविड-19 के दौरान सरकार ने जो दावे किए हैं, धरातल पर स्थिति क्या है, जानने आई हूं। पानीपत औद्योगिक नगरी है, कामगार पलायन कर गए तो उद्योगों को चलाने में दिक्कत आने वाली है। सरकार ने समाजसेवी संस्थाओं, उद्यमियों और किसानों ने राशन एकत्र किया, उसे ठीक से वितरण भी नहीं करा सकी। सरकार ने अपने फंड से कुछ नहीं दिया। पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) किट, सैनिटाइजर, मास्क तक दान में मिला है। पीएम फंड की रकम जनता की गाढ़ी कमाई है, सरकार से एक-एक पैसे का हिसाब मांगा जाएगा। सैलजा शुक्रवार को सेक्टर-12 स्थित पार्टी नेता संजय अग्रवाल के आवास पहुंचीं।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, किसानों और उद्यमियों की समस्याओं को सुना। कार्यकर्ताओं ने कामगारों के गृह राज्य लौटने के दौरान के कुछ दर्दनाक वाकया उन्हें बताए। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एडवोकेट जितेंद्र कुंडू पर हुए हमले की घटना भी उन्हें बताई। कुमारी शैलजा ने कहा सब एकजुट रहो, हर बात का हिसाब केंद्र-प्रदेश सरकार से मांगा जाएगा।
ज्यादा दिन की नहीं गठबंधन सरकार
उन्होंने कहा, गठबंधन सरकार पर उन्होंने कहा कि शराब के ठेके खोलने से लेकर, तमाम बातों में दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच जो हुआ, प्रदेश की जनता ने देखा। प्रदेश में जजपा-भाजपा गठबंधन सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी। इस मौके पर जिला कोर्डिनेटर सुनील बिंझौल, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, ओमवीर पंवार, धर्मपाल गुप्ता, जगदेव मलिक, आशा शर्मा, राजेश बड़ौली, सुरेश गुप्ता, सुधा भारद्वाज, शौर्यवीर सिंह, अतुल जैन, ज्योतिका छौक्कर, शशि लूथरा, नरेश अत्री मौजूद रहे।
शारीरिक दूरी भूले कांग्रेसी
कुमारी सैलजा संजय अग्रवाल के आवास पहुंची तो स्वागत से लेकर बातचीत तक पार्टी नेता और कार्यकर्ता कोविड-19 से बेखौफ दिखे। शारीरिक दूरी का नियम तो टूटा ही, चेहरा दिखाने की होड़ में अनेक लोग नाक-मुंह ढकने के लिए मास्क-रूमाल भी ठीक से नहीं लगाए हुए थे।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें