Haryana Updates Breaking News 21 June: एक क्लिक पर पढ़ें हरियाणा की 21 जून 2022 के मुख्य और ताजा समाचार
Haryana Live Updates Breaking News: पानीपत, अंबाला, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर सहित हरियाणा के अन्य जिलों की यहां पर पढ़ें मुख्य और ब्रेकिंग खबरें। मुख्य हिंदी समाचार जो आज दिन भर सुखियों में हैं। राजनीतिक, सांस्कृतिक से लेकर अपराध जगत की अपडेट जानकारी यहां पढ़ें।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में सुबह पांच बजे से ही लोग योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचने लगे। पानीपत में बतौर मुख्य अतिथि खेल मंत्री संदीप सिंह पहुंचे। हजारों की संख्या में लोगों ने योग शुरू किया। कार्यक्रम में सबसे पहले पीएम नरेन्द्र मोदी का लाइव संदेश सभी ने सुना। इसके बाद योग गुरुओं ने योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम की शुरुआत साढ़े छह बजे हुई। वहीं, भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्यस्तरीय समारोह में सुबह छह बजे मुख्यमंत्री सीएम मनोहर लाल पहुंचे। हजारों की संख्या में लोगों ने सीएम मनोहर लाल के साथ योग किया।
गुहला के सलेमपुर गांव में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, तीन अन्य घायल
कैथल के गुहला के गांव सलेमपुर में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत की हो गई। जबकि तीन अन्य लोग बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को सिविल अस्पताल कैथल रेफर किया गया है। मरने वालों में करीब 48 वर्षीय रामकुमार व उसका 18 वर्षीय बेटा जगशीर हैं।
जींद में अग्निपथ योजना के विरोध में महापंचायत
अग्निपथ योजना को लेकर जींद में किसान व सामाजिक संगठनों ने महापंचायत बुलाई। पूर्व सैनिक भी बैठक में मौजूद हैं। भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी भी पहुंचे। आगामी आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है।
करनाल में मां ने सात माह की बच्ची का गला घोंट कर मार डाला
करनाल मां कातिल बनी। शेखपुरा खालसा गांव में मां ने अपनी सात माह की बच्ची को गला घोट कर मार दिया। बच्ची को मारने के बाद खुद पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची। महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला का पति हरियाणा पुलिस में तैनात है।
सीएम ने दी नौकरी की गारंटी
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल भिवानी पहुंचे। उन्होंने कहा, सेना से सेवानिवृत्ति के बाद अग्नीवीरों को हरियाणा नौकरी की गारंटी देगा। कहा- हरियाणा पुलिस और ग्रुप सी में गारंटी के साथ नौकरी दी जाएगी। सीएम ने योग किया और योग को अपनाकर नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
चार ग्रामीणों समेत पांच कोरोना पाजिटिव मिले
कुरुक्षेत्र में चार ग्रामीणों समेत पांच कोरोना पाजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से दो किसान हैं, जबकि तीन मरीजों को रिकवर होने के बाद छुट्टी दे दी गई। अब जिले में कोरोना के 18 एक्टिव केस हैं। इनमें से 17 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है और एक मरीज अस्पताल में दाखिल है।
टिकैत ने कहा, 24 जून को हर जिले में होगा प्रदर्शन
यमुनानगर पहुंचे राकेश टिकैत ने अग्निपथ के विरोध में कहा, 24 जून को हर जिले में प्रदर्शन होगा। अग्निपथ के विरोध में हुई हिंसा में सरकार के लोग शामिल थे। बच्चों को फंसाया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर उनको डराया जा रहा है। सरकार इस योजना को बताने के लिए सेना अधिकारियों को आगे कर रही है। जब सरकार ने योजना बनाई तो सरकार को ही स्पष्ट करना चाहिए। अग्निपथ को न हटाने के सवाल पर टिकैत ने कहा, सरकार ने तो कृषि कानून भी नहीं हटाने की बात कही थी।
यमुनानगर में पहुंचे राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत यमुनानगर पहुंचे। वहीं, एक दिन पहले ही ट्वीट करके राकेश टिकैत ने 24 जून को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया था।
पानीपत में ट्रैवल्स बस और हिमाचल रोडवेज बस में टक्कर, 24 यात्री घायल
पानीपत के समालखा में जीटी रोड पर उत्सव गार्डन के पास दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रैवल्स बस ने हिमाचल रोडवेज की बस में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 यात्री घायल हो गए। सभी को समालखा व पानीपत के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।