यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gurpurab: गुरु पर्व पर करनाल गुरुद्वारा निर्मल कुटिया में कंबल वितरण पर भारी भीड़, रैली जैसा नजारा, देखिए तस्वीरें
गुरु पर्व गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के मौके पर करनाल में भारी भीड़ पहुंची है। करनाल के गुरुद्वारा ...और पढ़ें

करनाल, जागरण संवाददाता। गुरु नानक देव प्रकाशोत्सव पर करनाल के निर्मल कुटिया गुरुद्वारा में कंबल वितरित किए जाने लगे तो इस कदर उमड़ी भीड़, जिसे काबू करना गुरुद्वारा संगत व पुलिस के लिए भी मुश्किल हो गया। यहां हर साल गुरु नानक देव प्रकाशोत्सव पर जरूरतमंद लोगों को पहले लंगर ग्रहण कराया जाता है तो फिर कंबल वितरित किए जाते हैं। इस बार भी गुरुद्वारा में यह कार्यक्रम रखा गया।
सुबह छह बजे ही लोग यहां पहुंचने शुरू हो गए थे और करीब एक घंटे के दौरान ही इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि रैली जैसा माहौल दिखाई देने लगा। हालांकि गुरुद्वारा संगत व पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने व लाइन में लगाकर ही गुरुद्वारा में प्रवेश कराने के लिए मशक्त करती रही, लेकिन सुबह आठ बजे तक यह भीड़ बढ़ती ही गई। महिला व पुरुष गोद में बच्चों के लिए भी दो-दो घंटे तक लाइनों में लगे रहे।

यहां पहुंचे लोगों में अधिकतर अनाज मंडियों व फैक्ट्रियों आदि में काम करने वाले मजदूर शामिल रहे, जो बिहार, उत्तरप्रदेश व अन्य राज्यों से यहां आए हुए है।

उधर गुरुद्वारा में प्रकाशोत्सव के चलते लंगर व कंबल वितरण को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए। रात भर तैयारियां चलती रही तो बड़ी संख्या में श्रद्वालु भी पहुंचते रहे। लोगों की भारी भीड़ के चलते जीटी रोड से शहर की ओर जाने वाले रोड को एक साइड से बंद करना पड़ा तो वहीं दूसरी साइड भी जाम के हालात बने रहे।

बताया जा रहा है कि यहां इस दिन कंबल वितरण के दौरान पहली बार इतनी भीड़ उमड़ी है। एक दिन पहले ही प्रकाशोत्सव को लेकर शहर में विशाल नगर कीर्तन भी निकाला गया।

प्रकाशोत्सव को लेकर शहर व आसपास के लोगों में भी उत्साह बना हुआ है और सुबह से ही यहां मत्था टेककर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
