शादी समारोह में पसरा मातम, डीजे पर नाच रहे दूल्हे के चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या
करनाल में दूल्हे के चचेरे भाई की हत्या कर दी गई। युवक असंध के गोली गांव का रहने वाला है। डीजे पर नाचते समय विवाद के दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। शादी की खुशी अचानक मातम में बदल गई। डीजे पर नाच रहे दूल्हे के चचेरे भाई को कुछ लोगों ने घेर लिया और एक के बाद एक चाकू से वार कर दिए। जब तक लोग कुछ समझ पाते लहूलुहान हालत में युवक गिर पड़ा और आरोपित भाग निकले। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
दरअसल असंध के गोली गांव में शादी थी। उसी शादी में 26 वर्षीय अनिल भी गया हुआ था। डीजे पर नाचते समय कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने चाकू निकाल ली और उस पर हमला कर दिया। सभी आरोपितों ने अनिल को घेर रखा था। लोगों ने शोर सुना तो दौड़ पड़े। आरोपित भाग निकले। अनिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
चचेरे भाई की थी शादी
असंध के गोली गांव का रहने वाला अनिल पानीपत के एक होटल में बतौर मैनेजर था। गांव में ही उसके चचेरे भाई की शादी थी। वह भी शादी में शामिल था। वह डीजे पर नाच रहा था। तभी कुछ युवकों से उसकी बहस हो गई।
आरोपित गांव के ही
आरोपितों ने अनिल को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद एक आरोपित ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। एक पेट में और एक सीने में चाकू से वार किया। हमले के बाद आरोपित भाग निकले। लोग अनिल को लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत बताया गया। वहीं परिवार वाले भी आरोपितों की पहचान में जुट गए हैं। कुछ लोगों ने आरोपितों के बारे में बताया है।
एक छोटी बच्ची है
परिवार वालों ने बताया कि अनिल स्वभाव से काफी शांत था। वह होटल में बतौर मैनेजर काम करता था। उसकी एक छोटी बेटी भी है। वहीं अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।