खुशखबरी, कैथल से मां वैष्णो देवी कटरा के लिए शुरू होगी सीधी बस सेवा, इन रूटों से होकर गुजरेगी
हरियाणा से मां बैष्णो देवी जाने वाले भक्तों के लिए खुशखबरी है। अब सीवन कैथल व पिहोवा के लोग मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए बस के माध्यम से पहुंच सकेंगे। कैथल से मां वैष्णो देवी कटरा के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने जा रही है।
कैथल, [कमल बहल]। मां-वैष्णो देवी जाने वाले भक्त अब बस से कटरा पहुंच सकेंगे। कैथल से सीधे कटरा के लिए बस सेवा शुरू होने जा रही है। कुरुक्षेत्र रोडवेज ने अब कैथल के सीवन से जम्मू-कटरा के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी। यह बस सेवा कुरुक्षेत्र रोडवेज महाप्रबंधक अशोक कुमार मुंजाल की तरफ से पिहोवा सब-डिपो से चलाई है।
बता दें कि यह बस वाया पिहोवा व कुरुक्षेत्र से होकर कटरा पहुंचेगी। जिससे सीवन, कैथल और पिहोवा के लोग बस के माध्यम से मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंच सकेंगे। इससे पहले करीब एक माह पहले कुरुक्षेत्र रोडवेज ने पूंडरी से भी कुरुक्षेत्र होते हुए कटरा के लिए बस सेवा शुरू की थी। जबकि पिछले करीब दो साल से सीवन से वाया कुरुक्षेत्र होते हुए यूपी के सहारनपुर तक बस चलाई गई थी।
आज से शुरू होगी मां वैष्णो देवी कटरा के लिए सीधी बस सेवा
सीवन से मां वैष्णो देवी कटरा के लिए सीधी बस सेवा बुधवार से शुरू होगी। इस बस को भाजपा आइटी सैल जिलाध्यक्ष बलविंद्र जांगड़ा व समाज सेवी दर्शन मुंजाल हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। संजय मुंजाल ने बताया कि मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात है। अब सीवन के भक्त सीवन से सीधा कटरा के लिए बस ले सकेंगे।
यह रहेगा बस का रूट व समय-सारिणी
सीवन सुबह सात बजे शुरू होगी
कैथल साढ़े सात बजे पहुंचेगी
पिहोवा 08.20 पर पहुंचकर 08.35 पर चलेगी
पटियाला 09.30 मिनट
लुधियाना 10.20 मिनट
जालंधर 11 बजे
अमृतसर दोपहर 12 बजेे
बटाला दोपहर एक बजे
पठानकोट दोपहर ढाई बजे
जम्मू शाम छह बजे
कटरा शाम करीब साढ़े सात बजे
सुबह सात बजे चलेगी
हरियाणा रोडवेज में कुरुक्षेत्र डिपो के महाप्रबंधक अशोक मुंजाल ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए कुरुक्षेत्र रोडवेज की तरफ से पिहोवा सब डिपो के माध्यम से सीवन से कटरा तक सीधी बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह बस सुबह सात बजे चलकर शाम करीब साढ़े सात बजे कटरा पहुंचेगी।
-अशोक मुंजाल, रोडवेज महाप्रबंधक, कुरुक्षेत्र।