नौकरानी रख रहे हैं तो पढ़ लें ये खबर, पहले ही दिन दो महिलाएं चोरी कर ले गईं दो लाख
अगर आप नौकरानी रखने जा रहे हैं तो जरा ये खबर जरूर पढ़ लें। नौकरानी पर रखने जाने के बाद दो महिलाओं ने पहले ही दिन घर से दो लाख की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। मामला करनाल का है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। बिना पहचान पत्र के दो महिलाओं को घर में नौकरानी के तौर पर रखना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। नौकरानी रखी दो महिलाएं पहले ही दिन दो लाख की नकदी व लाखों के जेवरात चुराकर फुर्र हो गई। घटना करीब छह दिन पहले की बताई जा रही है।
सैक्टर 14 में रहने वाले चंद्र प्रकाश ने पुलिस को शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास आठ दिसंबर को सुबह करीब साढ़े 10 दो महिलाएं नौकरानी के तौर पर काम करने के लिए आई। उन्होंने खाना बनाने का काम करने को कहा। महिलाओं से उनकी पहचान के बारे में पूछा ताे उन्होंने उन्हें कहा कि वे दोपहर बाद जब खाना बनाने के लिए आएंगी, अपना आधार कार्ड व मोबाइल नंबर ले आएंगी। भरोसा करते हुए उन्होंने उन्हें काम पर रख लिया।
उन्होने 2.30 बजे तक काम किया और कह कर गई कि वे शाम साढ़े तीन बाद आएंगी। लेकिन वे दोनो सांय 05.30 तक भी नही आयी और उनकी इंतजार करते रहे। शुक्रवार को उन्होंने अपने घर की जांच की तो बैग व अल्मारी के लॉकर में रखे दो लाख चार हजार रुपये के अलावा चार तोले सोने के गहने जिनमे चैन, अगूंठी, टोपस आदि थे, गायब मिले। यहीं नहीं घर में कुछ गर्म कपड़े भी नहीं मिले।
चोरी की इस वारदात को अंजाम उक्त दोनों महिलाओं ने ही दिया है। वे उनकी अपने स्तर पर तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। वहीं अब पुलिस में शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राम आसरे का कहना है कि आरोपित महिलाओं की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं और आरोपित महिलाओं को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
इधर, सूने घर से भी नकदी व जेवरात चुरा ले गए
वहीं एक अन्य वारदात में तरावड़ी चौधरी कालोनी स्थित एक सूने घर से चोर 25 हजार की नकदी, चांदी के 20 सिक्के व लाखों के जेवरात चुरा ले गए। रजनी ने बताया कि वह आठ दिसंबर से शादी समारोह में शामिल होने के लिए करनाल गई हुई थी। रविवार शाम को पहुंची तो घर में सामान बिखरा था और जांच की तो उक्त नकदी व जेवरात गायब मिले।