रिटायर्ड मेजर जनरल बख्शी ने पाक को चेताया, सरकार को भी दी ये सलाह
सेवानिवृत्त मेजर जनरल गगनदीप बख्शी कुरुक्षेत्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के साथ पत्थरबाजों का भी इलाज जरूरी है। केंद्र सरकार को भी इस ओर सोचना चाहिए।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। सेवानिवृत्त मेजर जनरल गगनदीप बख्शी ने कहा कि आंतकवादियों के साथ-साथ पत्थरबाजों का भी इलाज जरूरी है। जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाज आतंकवादियों को बचाने के लिए अपने ही देश की सेना पर पत्थर फेंक रहे हैं। राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे सैनिकों पर पत्थर फेंकने वालों के खिलाफ भी सरकार को कड़ा एक्शन लेना चाहिए। इनके खिलाफ भी कड़ा कानून बनाने की जरूरत है। वह बुधवार को अपने परिवार के साथ ब्रह्मसरोवर पर पहुंचे थे।
ब्रह्मसरोवर पर दैनिक जागरण से खास बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर से आंतकवादियों का सफाया करने में लगी है। पहले सीमा पर पुख्ता प्रबंध न होने के चलते जितने आतंकवादी सेना की ओर से मारे जाते थे, उतने ही प्रवेश कर जाते थे। अब भारत-पाक सीमाओं के सील होने पर पाकिस्तान इन आतंकवादियों की भरपाई नहीं कर पा रहा है। ऐसे में उन्होंने नया रास्ता निकाला है, अब वह हमारे देश के युवाओं को ही बहकाकर उन्हें पत्थरबाज बना रहा है।
पाक पीएम को भी घेरा
इन पत्थरबाजों के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को भी अपने देश के अतीत में झांकने की सलाह दी है। उन्होंने पाक प्रधानमंत्री की ओर से भारत में अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी पर दिए गए बयान पर कहा कि पाकिस्तान ने 1971 में बांग्लादेशी पर कितने अत्याचार किए हैं, इस बात को वह भूल गए हैं। इतना ही नहीं बंटवारे के समय पाक में जिन हिंदुओं की संख्या 20 प्रतिशत भी अब घटकर दो प्रतिशत से भी कम हो गई है। ब्रह्मसरोवर की सुंदरता और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की भव्यता के बारे में जानकर उन्होंने भी इस महोत्सव से जुडऩे की इच्छा जताई है।
थानेसर विधायक ने किया सम्मानित
थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने उन्हें ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विधायक ने उन्हें ब्रह्मसरोवर के स्वच्छ जल योजना और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही ज्योतिसर तीर्थ में स्वच्छ जल प्रोजेक्ट को शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य सौरभ चौधरी और श्रीकृष्ण संग्रहालय के क्यूरेंटर राजेंद्र राणा ने उन्हें कुरुक्षेत्र की पवित्र 48 कोस की भूमि और ब्रह्मसरोवर के बारे में जानकारी दी।